आज पटना लाया जाएगा धनिक लाल मंडल का पार्थिव शरीर, राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

11/14/2022 12:15:02 PM

पटनाः बिहार विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष एवं हरियाणा के पूर्व राज्यपाल धनिक लाल मंडल का रविवार शाम निधन हो गया। 98 साल की उम्र में चंडीगढ़ के सेक्टर-6 स्थित एक अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। वे काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। आज यानी सोमवार को उनका पार्थिव शरीर पटना स्थित विधानसभा परिसर में लाया जाएगा और अंतिम दर्शन के लिए यहां रखा जाएगा।

CM नीतीश ने जताया दुख 
बता दें कि धनिक लाल मंडल का जन्म मधुबनी जिला अंतर्गत घोघरडीहा प्रखंड क्षेत्र स्थित बेलहा गांव में 30 मार्च 1932 को हुआ था। वे महान समाजवादी नेता थे। उनके निधन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, "धनिक लाल मंडल जी का निधन सामाजिक एवं राजनीतिक जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से मुझे व्यक्तिगत रूप से दुःख पहुंचा है।" 

राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार 
नीतीश कुमार ने आगे लिखा कि बिहार विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष जी का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें तथा उनके परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति दें।

Content Writer

Ramanjot