श्रीनगर में आतंकियों ने की बांका के गोलगप्पा विक्रेता की निर्मम हत्या, नीतीश-मोदी ने जताया शोक

10/17/2021 1:11:48 PM

 

बांकाः बिहार के बांका जिले के एक गोलगप्पा विक्रेता अरबिंद कुमार साह की जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में आतंकवादियों द्वारा निर्मम हत्या कर दी गई। वहीं इस घटना पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

गोल गप्पे विक्रेता के परिवार के सदस्यों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। उसे जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के ईदगाह इलाके में आतंकवादियों ने मार गिराया। उनके पिता ने बताया कि वह 3 महीने पहले जम्मू-कश्मीर गया था। वहीं नीतीश कुमार ने आज शाम श्रीनगर, जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों द्वारा मारे गए अरबिंद कुमार साह के परिजनों के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि की घोषणा की।

राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने ट्वीट कर बताया कि उन्होंने इस संबंध में जम्मू कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्ह से दूरभाष पर बात की। सुशील मोदी को लेफ्टिनेंट गवर्नर ने बताया कि स्वर्गीय साह के पार्थिव शरीर को बिहार भेजने की व्यवस्था की जा रही है। इसके अतिरिक्त उनके परिजनों को तत्काल 11 लाख रुपए देने की घोषणा भी की गई है। 

बता दें कि अरविंद कुमार को आतंकवादियों ने ईदगाह में एक पार्क के बाहर गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। साह श्रीनगर में गोलगप्पा बेचते थे। उनका सपना बिहार में मौजूद परिवार को गरीबी से निकालना था जो उनकी मौत के साथ टूट गया है। 

Content Writer

Nitika