पटना में 2 लाख निजी मकान में केवल 29 हजार घरों में ही किराएदार, छिपाई जा रही सही जानकारी

9/24/2020 12:59:23 PM

 

पटनाः बिहार की राजधानी पटना के निगम क्षेत्र में 2 लाख निजी मकान बनाए गए हैं। जबकि इनमें से केवल 29 हजार घरों में ही किराएदार होने का घोषणा पत्र दिया गया है। वहीं मकान मालिक द्वारा होल्डिंग टैक्स को लेकर दिए स्व घोषणा पत्र में अगर गलत जानकारी पाई गई तो निगम के द्वारा उन लोगों से 100 फीसदी पेनाल्टी वसूल की जाएगी।

दरअसल, मकान मालिक द्वारा होल्डिंग टैक्स को लेकर जमा करने वाले स्व घोषणा पत्र में किराएदारों की संख्या को छिपाया जाता है। उनके द्वारा केवल मकान का क्षेत्रफल ही दर्शाया जाता है। इसके आधार पर ही होल्डिंग टैक्स निर्धारित होता है। इसकी वजह से निगम को कम राजस्व प्राप्त होता है।

14 सितंबर तक 1.30 लाख लोगों ने जमा किया टैक्स
वहीं 14 सितंबर तक लगभग 1.30 लाख लोगों ने टैक्स जमा किया है। अभी 1.13 लाख लोगों का टैक्स बकाया है। निजी आवासीय और कॉमर्शियल मकान मिलाकर लगभग 2.43 लाख है। निगम को होल्डिंग टैक्स से 31.87 करोड़ राजस्व प्राप्त हुआ है। अब 30 सितंबर के बाद टैक्स जमा करने पर लोगों को डेढ़ फीसदी पेनाल्टी लगेगी।

होल्डिंग टैक्स के दायरे में नहीं कई नए मकान
बता दें कि निगम क्षेत्र में प्रतिदिन नए मकान बन रहे हैं। अभी काफी संख्या में नए मकान होल्डिंग टैक्स के दायरे में नहीं हैं। निगम के द्वारा सर्वे कर ऐसे मकान को टैक्स के दायरे में लाएगा।
 

Nitika