बिहार में भीषण गर्मी से हाल बेहाल...43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंचा तापमान, इन जिलों में ‘‘ऑरेंज अलर्ट'''' जारी

4/20/2023 1:00:27 PM

पटनाः बिहार के कई जिले चिलचिलाती धूप और लू की चपेट में हैं और बुधवार को लगातार तीसरे दिन राज्य के छह स्थानों पर तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को मोतिहारी, सीतामढ़ी, बेगूसराय, खगड़िया और बांका में अगले दो दिनों में भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान जताते हुए ‘‘ऑरेंज अलर्ट'' जारी किया है। 

वहीं, पटना, पूर्णिया, अररिया, शेखपुरा, जमुई, भोजपुर, वैशाली, कटिहार, नवादा, नालंदा, समस्तीपुर और सहरसा जिलों में अगले दो दिनों के लिए लू की स्थिति की चेतावनी देते हुए ‘‘येलो अलर्ट'' जारी की गई है। मौसम विभाग, मौसम संबंधी चेतावनी के लिए चार कलर कोड- हरा (कार्रवाई की जरूरत नहीं), पीला (देखें और अपडेट रहें), नारंगी (तैयार रहें) और लाल (कार्रवाई करें) का उपयोग करता है। बुधवार को शेखपुरा, पटना, गया, डेहरी, खगड़िया, बांका और नवादा में पारा 43 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर के निशान को पार कर गया। शेखपुरा जिले में अधिकतम तापमान जहां 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया वहीं पटना में यह 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा। 

इसके अलावा गया, खगड़िया, डेहरी, नवादा और बांका में 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने इन जिलों में बृहस्पतिवार और शुक्रवार को भी लू चलने का अनुमान जताया है। राज्य के विभिन्न हिस्सों में तापमान में लगातार वृद्धि के साथ, पटना जिला प्रशासन ने मंगलवार को जारी एक आदेश में सभी स्कूल प्रबंधन को शैक्षणिक गतिविधियों के समय को सुबह 10.45 बजे तक पुनर्निर्धारित करने का निर्देश दिया। नवादा जिला प्रशासन ने बुधवार को जारी एक आदेश में सभी स्कूल प्रबंधन को शैक्षणिक गतिविधियों के समय को सुबह 6.30 से 10.30 बजे तक पुनर्निर्धारित करने का निर्देश दिया। मुजफ्फरपुर में जिला प्रशासन ने बुधवार को पांचवीं कक्षा तक के सभी स्कूलों को भीषण गर्मी के कारण 20 अप्रैल से बंद रखने का निर्देश दिया। 

 

Content Writer

Ramanjot