तेजस्वी बोले- पापा की तबीयत ठीक नहीं, डॉक्टर जैसा सलाह देंगे वैसा करेंगे

1/23/2021 3:30:41 PM

रांची/पटनाः चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद की तबीयत ठीक नहीं है। बेहतर इलाज के लिए रिम्स के मेडिकल बोर्ड ने उन्हेें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में शिफ्ट करने का फैसला लिया है। 

राजद अध्यक्ष के पुत्र एवं बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को रांची में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात के बाद कहा कि पापा की तबीयत ठीक नहीं, चिकित्सक जैसा सलाह देंगे वैसा किया जाएगा। लालू यादव की चिंताजनक स्थिति की खबर मिलते ही उनकी पत्नी राबड़ी देवी, पुत्र तेज प्रताप यादव, तेजस्वी यादव और पुत्री मीसा भारती कल ही रांची पहुंची हैं। चार्टर्ड प्लेन से कल देर शाम रांची पहुंची राबड़ी देवी अपने दोनों पुत्रों के साथ राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के पेइंग वार्ड में करीब पौने छह घंटे तक रही।

रिम्स के पेइंग वार्ड से बाहर निकलने के बाद नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा कि पिता पहले से ही कई गंभीर बीमारियों से ग्रसित हैं। उनकी उम्र भी 70 वर्ष से अधिक हो चुकी है और अब यह खबर मिल रही है कि उनके फेफड़े में भी पानी हो गया है। उन्होंने बताया कि अभी कई जांच रिपोर्ट आनी है। सभी रिपोर्ट आने के बाद और डॉक्टरों की सलाह के बाद ही उनके बेहतर स्वास्थ्य को लेकर अगला कदम उठाया जाएगा।

 

Ramanjot