खाद की किल्लत से गुस्साए किसानों ने ASI को पीटा, तेजस्वी बोले- जनता आक्रोशित, मंत्री घर से नहीं निकल रहे

9/16/2021 11:29:08 AM

पटनाः बिहार में खाद की किल्लत को लेकर जगह-जगह किसानों का प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। इसी बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नालंदा जिले में खाद की किल्लत से परेशान किसानों ने पुलिस पर हमला बोला। वहीं इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने राज्य सरकार पर तंज कसा है। उन्होंने कहा कि जनता में इतना आक्रोश है कि मंत्री घर से निकलते ही नहीं हैं।

तेजस्वी यादव ने बुधवार को पुलिस पर हमले की घटना का वीडियो टैग करते हुए ट्वीट किया, ‘‘बिहार में खाद की भारी किल्लत के चलते किसान आक्रोशित हैं। वीडियो डबल इंजनधारी सरकार के ट्रबलकारी मुख्यमंत्री के गृह जिला नालंदा का है।' उन्होंने आगे कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) सरकार से किसान, नौजवान, व्यापारी, कर्मचारी, बेरोजगार, छात्र और गरीब सब त्रस्त हैं। जनता में इतना आक्रोश है कि मंत्री घर से निकलते ही नहीं।

बता दें कि नालंदा में खाद के लिए परेशान किसान मंगलवार को प्रदर्शन कर रहे थे। इसी बीच किसानों को समझाने और जाम खत्म कराने गए इस्लामपुर थाना के दारोगा जालंधर मंडल पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने उन पर लाठी से हमला कर दिया, जिसमें वह घायल हो गए। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर हमला करने वालों की पहचान कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static