तेजस्वी ने BJP को बताया 'बड़का झूठा पार्टी', कहा- ये सिर्फ बड़े लोगों के लिए करते हैं काम

3/28/2021 1:17:14 PM

असमः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को बड़का झूठा पार्टी करार देते हुए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को कहा कि एक बार इन विश्वासघातियों को सत्ता से उखाड़ फेंका जाए, तो बेरोजगारी की समस्या का अंत हो जाएगा।

असम की बराक घाटी में रताबरी और धोलाई में जनसभाओं में बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में महंगाई की स्थिति इतनी गंभीर नहीं थी। उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा का मतलब बड़का झूठा पार्टी है। आपको उससे सावधान रहने की जरूरत है। भाजपा मुद्दों की नहीं बल्कि मुर्दा की बात करती है। और मुख्य मुद्दे क्या हैं?... हमारा लोकतंत्र एवं संविधान दांव पर है। हमें उन्हें बचाने की जरूरत है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बस ‘बड़े लोगों' के लिए काम करती है। उन्होंने दावा किया कि रेलवे जैसे हर बड़े संगठन में नौकरियां सृजित करने की विपुल संभावनाएं हैं, लेकिन उन्हें बेचा जा रहा है।

तेजस्वी यादव ने कहा, ‘‘नौकरी बहुत बड़ी समस्या है। बड़ी संख्या में युवक बेरोजगार हैं। बेरोजगारी सबसे बड़ा शत्रु है। उसका उपचार कैसा किया जाएगा? जब हम कुर्सी से धोखेबाजों एवं विश्वासघातियों को हटा देंगे, तब उसका उपचार हो जाएगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए, क्या ‘खेला होबे' होगा या नहीं? यदि खेला होबे तब बेरोजगारी खत्म हेागी। पांच लाख नौकरियों की गारंटी होगी। लेकिन उसके लिए आप सभी को मतदान के समय एकजुट होना होगा।''

राजद नेता ने कहा, ‘‘आप ऐसी महंगाई में अपना घर कैसे चलाएंगे? मैं राहुल गांधी और महाजोट के घटकों को हर घरेलू महिला को 2000 रुपए प्रतिमाह देने की गारंटी देने को लेकर धन्यवाद देना चाहता हूं।'' साल 2001 से असम में 15 सालों तक सत्तासीन रही कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में भाजपा नीत राजग का मुकाबला करने के लिए एआईयूडीएफ, बीपीएफ, भाकपा, माकपा, भाकपा माले, आंचलिक गण मोर्चा, राजद, जिमोचयान (देवरी) पीपुल्स पार्टी के साथ मिलकर महागठबंधन बनाया है।

Content Writer

Ramanjot