डिप्टी CM बनने के बाद तेजस्वी को मिली z plus सुरक्षा, तेजप्रताप अपना पसंदीदा विभाग लेने के लिए हुए एक्टिव

8/12/2022 12:57:12 PM

पटनाः बिहार में भाजपा और जनता दल (यूनाइटेड) का गठबंधन टूटने के बाद एक बार फिर से महागठबंधन की सरकार बन गई है। नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री और तेजस्वी यादव ने भी नई सरकार में उप मुख्यमंत्री के पद की शपथ ग्रहण की। वहीं बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार 15 अगस्त के बाद हो सकता है। इसी बीच बड़ी जानकारी सामने आई है कि उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव की सुरक्षा को लेकर बिहार सरकार काफी गंभीर है।

सुरक्षा समिति ने तेजस्वी यादव को जेड प्लस सुरक्षा दी है। साथ ही उनको एक बुलेटप्रूफ गाड़ी भी मुहैया करवाई है। सूत्रों ने बताया कि बिहार सरकार में तेजस्वी यादव को गृह विभाग दिया जा सकता है, इसलिए तेजस्वी यादव को खुश करने के लिए गृह विभाग द्वारा पहले से ही जेड प्लस सुरक्षा दी जा रही है। बता दें कि तेजस्वी यादव को पहले से ही वाई प्लस सुरक्षा प्रदान थी।

वहीं बिहार मंत्रिमंडल विस्तार से पहले पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप ने भी नए मंत्रिमंडल में एक मंत्रालय मांगा है। सूत्रों ने बताया कि तेज प्रताप ने पहले वाला ही स्वास्थ्य मंत्री का मंत्रालय मांगा है। बता दें कि बिहार के उप मुख्यमंत्री और राजद नेता तेजस्वी यादव आज यानि शुक्रवार को दिल्ली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे।

Content Writer

Nitika