"तेजस्वी यादव में अपने पिता के जैसा धैर्य नहीं"...भाजपा की ‘बी टीम' होने के आरोपों पर भी भड़के पप्पू यादव

4/24/2024 12:03:57 PM

पूर्णिया: बिहार की पूर्णिया लोकसभा सीट (Purnia Lok Sabha seat) से बतौर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे कांग्रेस नेता पप्पू यादव ने मंगलवार को राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) पर निशाना साधते हुए कहा कि उनमें अपने पिता लालू प्रसाद जैसा ‘धैर्य' नहीं है। पप्पू यादव ने यह टिप्पणी तब की, जब संवाददाताओं ने तेजस्वी यादव के भाषणों की ओर उनका ध्यान आकृष्ट किया। 

"तेजस्वी इतने अधीर क्यों हो जाते हैं?"
दरअसल, तेजस्वी यादव ने सोमवार को आयोजित रैली में कहा, ‘‘चुनाव ‘इंडिया' गठबंधन और राजग के बीच करना है। अगर आप बीमा भारती (राजद उम्मीदवार) का समर्थन नहीं करते, माना जाएगा कि आप राजग के साथ हैं।'' तेजस्वी की इस टिप्पणी का एक वीडियो क्लिप वायरल हो गया है। राजनीतिक टिप्पणीकार इस कथन को तेजस्वी यादव की हताशा के संकेत के रूप में देख रहे हैं, जिनके बारे में कहा जाता है कि उन्होंने पप्पू यादव की पूर्णिया से ‘इंडिया' गठबंधन के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ने की कोशिश को नाकाम करने में अहम भूमिका निभाई। पप्पू यादव ने कहा, ‘‘वह इतने अधीर क्यों हो जाते हैं? ऐसा प्रतीत होता है कि उन्हें अपने पिता से धैर्य विरासत में नहीं मिला है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं परेशान नहीं हूं। मैं एक पुरानी नीति कथा से प्रेरणा लेता हूं, जिसमें एक ऋषि बिच्छू के डंक से अप्रभावित रहे थे।'' 

"26 अप्रैल को इतिहास रचेगी पूर्णिया की जनता"
पप्पू यादव उनपर भाजपा की ‘बी टीम' होने के संबंध में बार-बार लगने वाले आरोपों पर भड़क गए। पप्पू यादव ने व्यंग्यात्मक रूप से कहा,‘‘ मैं आम आदमी हूं और राजा या राजकुमार पर टिप्पणी नहीं कर सकता। '' उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन यह बी टीम की बात क्या है? क्या वह उन सभी वरिष्ठ राजद नेताओं पर भी यही लेबल लगाएंगे, जिन्होंने हाल ही में पार्टी छोड़ दी है?'' उन्होंने कहा कि वह ‘इंडिया' गठबंधन की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। पप्पू यादव ने कहा, ‘‘26 अप्रैल को मतदान के दिन पूर्णिया की जनता इतिहास रचेगी। इसके बाद मैं अमेठी और रायबरेली सहित अनेक जगहों पर ‘इंडिया' गठबंधन के लिए चुनाव प्रचार करूंगा।'' पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने राजद के टिकट पर दो बार मधेपुरा सीट पर जीत दर्ज की। उन्होंने सवाल किया, ‘‘ क्या मैं उस समय भी भाजपा की बी टीम था?क्या कन्हैया कुमार भी भाजपा की बी टीम हैं? '' 

 

Content Writer

Ramanjot