Mahua Election Result 2025: महुआ से Tej Pratap Yadav को बड़ा झटका, रुझानों में पिछड़े; LJP(R) के संजय सिंह आगे

Friday, Nov 14, 2025-01:47 PM (IST)

Mahua Election Result 2025: बिहार में वैशाली जिले की महुआ विधानसभा सीट पर वोटों की गिनती जारी है। वहीं इस सीट पर लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव जनशक्ति जनता दल से चुनाव मैदान में उतरे थे। वहीं शुरुआती रुझानों में तेज प्रताप यादव बहुत पीछे चल रहे है। महुआ सीट पर लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के संजय कुमार सिंह आगे चल रहे हैं, जबकि दूसरे नंबर पर आरजेडी के उम्मीदवार मुकेश कुमार रौशन दूसरे नंबर पर है।

रुझानों में तेज प्रताप यादव चौथे नंबर पर

बता दें कि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के अमित कुमार तीसरे और जनशक्ति जनता दल से तेज प्रताप यादव चौथे नंबर पर चल रहे हैं।  निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर शुक्रवार अपराह्न डेढ़ बजे तक उपलब्ध रुझानों के अनुसार 10वें दौर की मतगणना के बाद राजद (राष्ट्रीय जनता दल) सुप्रीमो लालू प्रसाद के बड़े बेटे एवं जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप महुआ सीट पर चौथे स्थान पर हैं। अपने पिता द्वारा राजद से निष्कासित किये जाने के बाद हाल में अपनी राजनीतिक पार्टी बनाने वाले तेज प्रताप (9,557) लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संजय कुमार सिंह से 24,984 मतों से पीछे हैं। लोजपा (रामविलास) के सिंह को 34,541 वोट मिले, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के मुकेश कुमार रौशन (19,998 वोट) दूसरे और एआईएमआईएम (ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन) के अमित कुमार (9,564 वोट) तीसरे स्थान पर बने हुए हैं।

बता दें कि तेज प्रताप को 25 मई को राजद से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया था। इससे एक दिन पहले ही उन्होंने कथित तौर पर एक महिला के साथ ‘रिश्ते' में होने की बात कबूल की थी। हालांकि, बाद में उन्होंने यह दावा करते हुए सोशल मीडिया ‘पोस्ट' हटा दी थी कि उनका पेज ‘‘हैक'' हो गया था। भारतीय चुनाव आयोग (ECI) की वेबसाइट के अनुसार, बिहार में कांटे की टक्कर चल रही है, जहां जदयू 63 विधानसभा सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (BJP) 61 सीटों पर आगे चल रही है। विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) 34 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 11 विधानसभा सीटों पर आगे है।

छह और 11 नवंबर को दो चरणों में हुए चुनाव में 7.45 करोड़ मतदाताओं ने 2,616 उम्मीदवारों का भाग्य तय किया था। राजग में जनता दल-यूनाइटेड (JDU), भारतीय जनता पार्टी (BJP), लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (HAM) और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) शामिल हैं। वहीं, महागठबंधन में राजद, कांग्रेस, वाम दल, विकासशील इंसान पार्टी (VIP) और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (IIP) शामिल हैं। दोनों गठबंधनों की ओर से मैदान में उतरे प्रमुख उम्मीदवारों में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा, राजद के तेजस्वी यादव और बिहार कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार शामिल हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

static