सुधाकर सिंह के इस्तीफे पर सुशील मोदी बोले- दो माह में टीम नीतीश का दूसरा विकेट गिरा, बढ़ेगी फजीहत

10/3/2022 11:26:15 AM

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि दो माह के अंदर महागठबंधन सरकार के दूसरे दागी मंत्री सुधाकर सिंह का इस्तीफा तूफान के आने की आहट है। 

"जगदानंद और नीतीश के बीच मूँछ की लड़ाई"
सुशील मोदी ने रविवार को कृषि मंत्री सुधाकर सिंह के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि दो महीने में महागठबंधन सरकार के दो दागी मंत्रियों की विदाई के साथ राज्य में राजनीतिक अस्थिरता और महत्वांकाक्षी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की फजीहत बढ़ने वाली है। उन्होंने कहा कि अब राजद प्रमुख लालू प्रसाद प्रसाद के विश्वासपात्र जगदानंद सिंह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच मूँछ की लड़ाई है। भाजपा नेता ने कहा कि जगदानंद सिंह और उनके पुत्र सुधाकर सिंह ने खुल कर नीतीश कुमार के कृषि रोडमैप को फेल बताया तथा कृषि विभाग में भ्रष्टाचार की बात कर 'भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस' की पोल खोली दी है। साथ ही मंडी कानून खत्म करने के फैसले का भी विरोध किया है।

सुशील मोदी ने कहा कि तेजस्वी प्रसाद यादव को अगले साल 2023 में मुख्यमंत्री बनाने की डील सार्वजनिक करने की कीमत जगदानंद सिंह को बेटे के मंत्रिपद का बलिदान कर चुकानी पड़ी। उन्होंने कहा कि चारा घोटाला में लालू प्रसाद यादव के जेल जाने और गृहिणी राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री बनने पर राजद की फर्स्ट फैमिली के परम विश्वासी जगदानंद सिंह ने पर्दे के पीछे से सरकार चलाई थी। अब देखना यह है कि जगदानंद सिंह और नीतीश कुमार के बीच टकराव में किसे झुकना पड़ेगा। भाजपा नेता ने कहा कि लालू प्रसाद यादव के दबाव में राजद कोटे से मंत्री बनाए गए सुधाकर सिंह को खाद्य निगम के करोड़ों रुपये का गबन करने के मामले में जेल जाना पड़ा था, वे जमानत पर थे और पूर्व कानून मंत्री कार्तिकेय सिंह पर हत्या की नीयत से अपहरण का मामला चल रहा है। दोनों को आखिरकार इस्तीफा देना पड़ा।

Content Writer

Ramanjot