दरिंदगी! 7 साल तक छात्रा का यौन शौषण करता रहा कोचिंग संचालक, सच्चाई सामने आई तो तीसरी मंजिल से फेंका नीचे
Wednesday, Mar 18, 2026-02:41 PM (IST)
Bihar Crime News : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक कोचिंग संचालक पर अपनी ही छात्रा के साथ सात वर्षों तक यौन शोषण करने और बाद में उसे जान से मारने की नीयत से छत से नीचे फेंकने का आरोप लगा है। फिलहाल पीड़िता का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
9वीं कक्षा से शुरू हुआ था शोषण का सिलसिला
पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, मामला तब शुरू हुआ जब उनकी बेटी कक्षा 9वीं में पढ़ती थी। वह आरोपी नवीन कुमार के कोचिंग सेंटर में पढ़ने जाया करती थी। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा को प्रेम जाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर लगातार सात सालों तक उसका शारीरिक शोषण किया।
दूसरी शादी का विरोध करने पर रची खौफनाक साजिश
मामले में मोड़ तब आया जब आरोपी नवीन कुमार ने पीड़िता को बताए बिना गुपचुप तरीके से किसी दूसरी लड़की से शादी कर ली। जब छात्रा को इसकी भनक लगी, तो उसने शिक्षक से जवाब मांगा और विरोध जताया।
तीसरी मंजिल से दिया धक्का, आरोपी फरार
आरोप है कि 9 मार्च 2026 को आरोपी ने छात्रा को अपने घर बुलाया। वहाँ बहस के दौरान शिक्षक उसे मकान की तीसरी मंजिल पर ले गया और वहाँ से नीचे धक्का दे दिया। गंभीर रूप से घायल छात्रा को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। होश आने पर पीड़िता ने आपबीती सुनाई, जिसके बाद परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।
पुलिस की कार्रवाई: केस दर्ज, छापेमारी जारी
अहियापुर थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी नवीन कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी फिलहाल घर छोड़कर फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

