डिप्टी CM वाले बंगले में शिफ्ट हुए उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, आज से लगाएंगे जनता दरबार

12/10/2020 12:09:41 PM

 

पटनाः बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं भाजपा नेता सुशील मोदी ने बुधवार को डिप्टी सीएम वाला बंगला खाली कर दिया है। अब पांच देशरत्न मार्ग स्थित सरकारी बंगले में उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद शिफ्ट हो गए हैं। वहीं पटना में रहने के दौरान वह आज से डेढ़ घंटे तक जनता से मिलेंगे।

सरकार ने पहली बार बिहार के उप मुख्यमंत्री का पदभार संभाल रहे तारकिशोर प्रसाद को पांच देशरत्न मार्ग स्थित बंगले में शिफ्ट कर दिया है। तारकिशोर प्रसाद बुधवार को शुभ मुहूर्त में पांच डिप्टी सीएम वाले बंगले में शिफ्ट हो गए हैं। वहीं अब तारकिशोर प्रसाद पटना में रहने के दौरान 9.30 से 11 बजे तक लोगों से मिला करेंगे। गुरुवार को जनता दरबार का पहला दिन है।

बता दें कि 2017 में इस बंगले को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव से नीतीश कुमार की सरकार का बड़ा विवाद हुआ था। तेजस्वी यादव को उप मुख्यमंत्री रहते हुए यह बंगला मिला था। इसमें वे काफी दिन रहे भी थे, लेकिन पद से हटने के बाद भी उन्होंने बंगला खाली करने से इनकार कर दिया था। केस और मुकदमे के बाद तेजस्वी ने पांच देशरत्न मार्ग बंगला को खाली किया था।

Nitika