सांसद बनते ही सुशील मोदी ने खाली किया सरकारी बंगला, अब दिल्ली में होगा नया ठिकाना

12/9/2020 2:11:56 PM

 

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी ने सांसद बनते ही अपना सरकारी बंगला खाली कर दिया है। वह फिलहाल विधान पार्षदों के लिए बने आवासीय परिसर के आवास संख्या 52 में रहेंगे।

दरअसल, 5 देशरत्न मार्ग स्थित बंगला अपने आप में खास है, क्‍योंकि ये बिहार सरकार में उपमुख्‍यमंत्री पद की जिम्‍मेदारी संभालने वालों को मिलता है। साल 2015 में उपमुख्यमंत्री बनने के बाद तेजस्वी यादव को यह बंगला आवंटित हुआ था। इसके बाद उपमुख्यमंत्री के रूप में सुशील कुमार मोदी 5 देशरत्न मार्ग में आए थे। वहीं इस बार बिहार में तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी के रूप में 2 उपमुख्‍यमंत्री बनाए गए हैं। अब यह बंगला उन दोनों में से किसके हिस्से में जाता है, यह देखना दिलचस्प होगा।

वहीं सूत्रों के अनुसार, सुशील मोदी को दिल्ली में दिवंगत केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान का बंगला आवंटित किया जा सकता है। उन्हें वहीं 12 जनपथ का बंगला मिलेगा, जिसमें पासवान रहा करते थे। बता दें कि राज्यसभा सांसद चुने जाने के साथ ही सुशील मोदी बिहार के तीसरे ऐसे नेता बन गए हैं, जो चारों सदनों के सदस्य हैं। इसके पहले लालू प्रसाद और नागमणि भी चारों सदनों से सदस्य हुए थे।

Nitika