चीन-कांग्रेस सांठगांठ से उद्योग की बर्बादी पर चुप क्यों रहे लालूः सुशील मोदी

6/27/2020 10:04:37 AM

पटनाः बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने कांग्रेस और राजद पर राजनीतिक लाभ के लिए देश हित के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि चीन के साथ कांग्रेस की सरकार सांठगांठ कर जब देश के उद्योग धंधे को बर्बाद कर रही थी तब उस समय लालू प्रसाद यादव चुप्पी साधे हुए थे।

सुशील मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि हमारे कुम्हारों से दीये, खिलौने और मूर्तियां बनाने तक का रोजगार जिस संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) सरकार ने छीना, उसमें लालू प्रसाद पावरफुल मंत्री थे, लेकिन चीनी उत्पाद के लिए लाल कालीन बिछाने वाली नीतियों का विरोध नहीं कर सके। लालू प्रसाद आज भी सीमा पर तनाव पैदा करने और हमारे 20 जवानों की शहादत के लिए जिम्मेदार चीन के साथ खड़ी कांग्रेस का समर्थन कर रहे हैं। राजद और कांग्रेस ने हमेशा राजनीतिक लाभ के लिए देशहित से विश्वासघात किया।

भाजपा नेता ने कहा कि चीन की कम्युनिस्ट पार्टी से कांग्रेस के समझौते और सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाले राजीव गांधी फाउंडेशन को मिले 90 लाख के चीनी चंदे की भारी कीमत देश की अर्थव्यवस्था को चुकानी पड़ी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने भारतीय बाजार को चीन के लिए खोल दिया, जिससे भारत के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग बुरी तरह टूट गए। राजीव गांधी फाउंडेशन को मिला चीनी चंदा स्वदेशी उद्योगों को बर्बाद करने के लिए दी गई रिश्वत थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

Ramanjot

Recommended News

Related News

static