मोदी का लालू पर निशाना- पोस्टिंग को कमाई का जरिया बनाने वाले अब तबादले में भी देख रहे सियासत

1/3/2021 10:05:15 AM

पटनाः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ट्रांसफर-पोस्टिंग को कमाई का जरिया बनाने वाले अब तबादले में भी सियासत देख रहे हैं।

सुशील मोदी ने शनिवार को ट्वीट किया, 'बिहार में भाजपा और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के बीच लगभग दो दशक पुरानी दोस्ती से जलने वाले तत्वों की वजह से हमारे बीच एक बुरा दौर आया और गुजर गया। हमें जनता ने जब फिर सेवा का मौका दिया, तो विपक्ष की छाती फटने लगी। सजायाफ्ता लालू यादव राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स), रांची के पेइंग वार्ड से जेल नियमों का उल्लंघन कर मोबाइल फोन के जरिए लगातार राजद नेताओं को निर्देश देकर जोड़-तोड़ को बढ़ावा दे रहे हैं।' उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने ट्रांसफर-पोस्टिंग को कमाई का जरिया बना लिया था, वे मलाई न मिलने के कारण आज रुटीन प्रशासनिक काम को भी राजनीतिक रंग देना चाहते हैं।

भाजपा नेता ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में परस्पर सम्मान और विश्वास के मजबूत आधार पर काम करते हुए दोनों दलों ने मिल कर बिहार को जंगलराज से उबार कर विकास की दर दहाई अंकों में बनाए रखी। राज्य को लालटेन युग से बाहर लाकर हर गांव को बिजली पहुंचाई गई। कृषि रोड मैप लागू किया गया। राज्य को उच्च शिक्षा के नए-नए संस्थान मिले। उन्होंने कहा कि सरकार अब 20 लाख लोगों को रोजगार देने की योजना पर काम कर रही है। उद्योग विभाग सिंगल विंडो सिस्टम शुरू करने जा रहा है। दूसरी तरफ कुछ लोग विकास की लय तोड़ने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं।

Ramanjot