फिर बाबाओं के चक्कर में लालू, उन्हें न्यायालय और जनता की अदालत पर भरोसा नहींः सुशील मोदी

1/5/2021 9:59:46 AM

पटनाः बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने स्वामी श्रद्धानंद के राजद विधानमंडल दल की नेता राबड़ी देवी से मुलाकात को लेकर राजद अध्यक्ष लालू यादव पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि वह एक बार फिर बाबाओं के चक्कर में पड़ गए है और उन्हें न्यायालय और जनता की अदालत पर भरोसा नहीं रह गया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने सोमवार को ट्वीट किया कि लालू यादव को न जनता की अदालत और न ही न्यायपालिका पर भरोसा है इसलिए हमेशा तांत्रिकों-बाबाओं के संपर्क में रहते हैं। उन्होंने कहा कि चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद प्रमुख ने आधी सजा भी जेल में नहीं काटी इसलिए न्यायालय ने जमानत की अर्जी खारिज कर दी।

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लालू यादव की पार्टी के अनुभवहीन वंशवादी उत्तराधिकारियों को जनता ने लगातार दो चुनावों में नकार दिया। उन्होंने कहा कि वे तांत्रिक से पूछ कर कुर्ते का रंग तय करते हैं लेकिन यह नहीं पूछते कि किसी गरीब को कुली-चपरासी की नौकरी देने के बदले उसकी जमीन लिखानी चाहिए या नहीं।

Ramanjot