महागठबंधन में मचे घमासान पर सुशील मोदी बोले- RJD को जिताने के लिए चुनाव लड़ रही कांग्रेस

10/24/2021 11:23:55 AM

पटनाः भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुशील मोदी ने बिहार में दो विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव में महागठबंधन के घटक दलों के बीच सीटों के तालमेल को लेकर मचे घमासान को राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के वोट को बांटने की चाल बताया। उन्होंने राजग उम्मीदवारों को सावधान करते हुए कहा कि कांग्रेस खुद के लिए नहीं बल्कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को जिताने के लिए चुनाव लड़ रही है।

बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने शनिवार को ट्वीट किया, ‘‘विधानसभा की दो सीटों पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस खुद जीतने के लिए नहीं बल्कि राजद को जिताने के लिए लड़ रही है। महागठबंधन के दोनों बड़े दलों के बीच तीखी बयानबाजी केवल दिखावा है। चुनाव बाद दोनों फिर एक सुर में बोलने लगेंगे।

सुशील मोदी ने कहा कि बिहार में कांग्रेस का अस्तित्व राजद के बचे-खुचे जनाधार के भरोसे है। जो पार्टी बीस साल से लालू-राबड़ी की पालकी ढो रही है और जिसने चारा घोटाला, अलकतरा घोटाला और रेलवे होटल के बदले जमीन घोटाला तक पर चुप्पी साधी, वह किस मुंह से राजद के खिलाफ बोल सकती है। उन्होंने कहा कि राजद-कांग्रेस केवल राजग के वोट काटने के लिए चुनाव लड़ रही हैं। लोगों को इस नूरा-कुश्ती से सावधान रहना चाहिए।

Content Writer

Ramanjot