तेजस्वी की ताजपोशी के दावे पर मोदी ने कहा- नीतीश फिर देंगे धोखा, वे किसी भी समझौते का पालन नहीं करेंगे

10/1/2022 10:06:13 AM

पटनाः बिहार में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव को शीघ्र राज्य की कमान सौंप कर नीतीश कुमार के राष्ट्रीय राजनीति में जाने और इसके लिए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के साथ सहमति बन जाने के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं के दावे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता सुशील कुमार मोदी ने कहा कि नीतीश कुमार किसी भी समझौते का पालन नहीं करेंगे और एक बार फिर धोखा देंगे। 

"तेजस्वी को बिहार की सत्ता नहीं सौंपेंगे नीतीश"
सुशील मोदी ने कहा कि लालू, भाजपा, मांझी, जनादेश को धोखा देने वाले नीतीश किसी कीमत पर तेजस्वी को बिहार की सत्ता नहीं सौंपेंगे। फिर एक बार लालू को धोखा देंगे। मोदी ने कहा कि जगदानंद सिंह मुख्यमंत्री को लेकर किसी गलतफहमी में न रहें। नीतीश कुमार ने आजतक किसी भी समझौते का पालन नहीं किया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को भी यह मालूम है कि वे कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते हैं, इसलिए किसी डील के नाम पर तेजस्वी यादव को बिहार की सत्ता सौंपने की गलती नहीं करेंगे। यदि ऐसा किया तो वे कहीं के नहीं रहेंगे। 

तेजस्वी ही बिहार के भविष्यः भाई वीरेंद्र
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने शुक्रवार को कहा कि 2025 के पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद तेजस्वी यादव को बिहार की कमान सौंप देंगे और वे केंद्र की राजनीति में चले जाएंगे। जदयू और राजद में इसपर आम सहमति पहले ही चुकी है। उन्होंने कहा, 'इस देश में नौजवानों की संख्या सबसे अधिक है और बिहार में सबसे अधिक नौजवान हैं। तेजस्वी नौजवानों के साथ-साथ सबके पसंदीदा नेता है, इसलिए तेजस्वी ही बिहार के भविष्य हैं। ये आज नहीं तो, कल होना ही है लेकिन हमलोग सही समय का इंतजार कर रहे हैं। समय आने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद तेजस्वी यादव को बिहार की कमान सौंप कर केंद्र की राजनीति में चले जाएंगे।' 

यह भी पढ़ें- जगदानंद सिंह का बड़ा बयान- तेजस्वी को बिहार की सत्ता सौंपकर देश की राजनीति करेंगे नीतीश 

नीतीश देश की लड़ाई लड़ेंगेः जगदानंद
इससे पहले गुरुवार को राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने भी कहा, 'हमें लगता है कि 2022 बीतने के बाद 2023 में नीतीश देश की लड़ाई लड़ेंगे और बिहार के भविष्य की लड़ाई तेजस्वी यादव के हाथ में सौंप देंगे। देश नीतीश कुमार का और बिहार तेजस्वी यादव का इंतजार कर रहा है।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static