सुशील मोदी ने कहा- राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने में लगा है विपक्ष, 2025 तक नीतीश ही रहेंगे CM

4/26/2022 9:57:00 AM

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि बिहार में हताश विपक्ष राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने में लगा है लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को 2025 तक के लिए जनादेश प्राप्त है और वह तब तक राज्य के मुख्यमंत्री बने रहेंगे।

सुशील मोदी ने सोमवार को ट्वीट कर कहा कि जब प्रदेश भाजपा अध्यक्ष संजय जायसवाल कई बार स्पष्ट कर चुके हैं कि बिहार में एनडीए सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही कार्यकाल पूरा करेगी, तब भी यह झूठ फैलाते रहना 'थेथरोलाजी' है कि भाजपा बीच में ही अपना मुख्यमंत्री बनवाना चाहती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को लेकर निराधार अटकलबाजी जारी रखना दुर्भाग्यपूर्ण है।

भाजपा सांसद ने कहा कि इस शरारत का कुछ असर विधानसभा के बोचहां उपचुनाव पर भी पड़ा होगा। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा का 2020 का चुनाव एनडीए ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे पर वोट मांगते हुए लड़ा था। लोगों ने इस पर भरोसा किया। जब एनडीए को नीतीश कुमार के नेतृत्व में काम करने का जनादेश 2025 तक के लिए है, तब किसी किंतु-परंतु के साथ बीच में बदलाव का कोई सवाल ही नहीं है।

सुशील मोदी ने कहा कि विपक्ष के पास नीतीश सरकार के विरुद्ध न कोई ठोस मुद्दा है, न सदन में संख्या बल है और न लालू-राबड़ी राज की विफलताओं के कारण उनके पास आलोचना का कोई नैतिक बल ही है। ऐसे में वे नीतीश कुमार के पद से हटने की तरह-तरह की बेततुकी अटकलों को हवा देकर सिर्फ राजनीतिक अस्थिरता पैदा करना चाहते हैं।

Content Writer

Ramanjot