सुशील मोदी का आरोप- कांग्रेस और लालू ने बिहार में 23 साल तक नहीं होने दिया पंचायत चुनाव

8/19/2021 9:26:01 AM

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पर बिहार में 23 साल तक पंचायत चुनाव नहीं होने देने तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति (एससी-एसटी) को आरक्षण के लाभ से वंचित रखने का आरोप लगाया।

सुशील मोदी ने बुधवार को सोशल नेटवकिर्ंग साइट ट्विटर पर ट्वीट कर कहा कि बिहार में कांग्रेस और लालू प्रसाद यादव ने 23 साल तक पंचायत चुनाव नहीं होने दिए थे। लालू सरकार ने जब चुनाव कराए भी, तब मुखिया-प्रमुख जैसे पदों पर एससी-एसटी वर्ग को आरक्षण नहीं दिया। चुनावी हिंसा में 150 से ज्यादा लोग मारे गए थे। उन्होंने कहा कि इन दलों ने कभी लोकतंत्र को बंधक बनाया तो कभी सामाजिक न्याय का गला दबाया।

भाजपा सांसद ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बनने पर न केवल हर पांच साल पर पंचायत चुनाव कराए गए बल्कि एससी-एसटी के साथ-साथ अतिपिछड़ा वर्ग और महिलाओं को भी आरक्षण दिया गया। उन्होंने कहा, 'हमलोगों ने अतिपिछड़ों को 20 फीसद और महिलाओं को 50 फीसद रिजर्वेशन देकर इस वर्ग के सैकड़ों लोगों को मुखिया बनने का मौका दिया।'

मोदी ने कहा कि पंचायत चुनाव में महिलाओं को 50 फीसद आरक्षण देने वाला बिहार देश का पहला राज्य है। एनडीए की इस पहल का बाद में एक दर्जन से अधिक राज्यों ने अनुसरण किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष 11 चरणों में पंचायत चुनाव कराने का फैसला कर सरकार ने लोकतंत्र को गांव-देहात तक जीवंत बनाये रखने की प्रतिबद्धता फिर साबित की।

Content Writer

Ramanjot