सुशील मोदी ने चौटाला की सम्मान रैली को बताया फ्लॉप, कहा- नीतीश के अलावा विपक्ष का कोई CM नहीं पहुंचा

9/26/2022 11:11:20 AM

पटनाः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने हरियाणा में ओमप्रकाश चौटाला की सम्मान रैली को फ्लॉप बताया और कहा कि इसमें बिहार के मुख्यमंत्री (सीएम) नीतीश कुमार के अलावा विपक्ष के कोई और सीएम नहीं पहुंचे। 

"रैली में नीतीश के अलावा कोई मुख्यमंत्री शामिल नहीं हुआ" 
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि देवीलाल की जयंती के बहाने विपक्षी एकता के लिए हरियाणा में आयोजित ओमप्रकाश चौटाला की सम्मान रैली फ्लॉप शो साबित हुई। इसमें विपक्ष शासित दर्जन भर राज्यों में से नीतीश कुमार के अलावा कोई मुख्यमंत्री शामिल नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जिन 17 प्रमुख नेताओं को न्योता दिया गया, उनमें से केवल पांच पहुंचे। 

"अपने मिशन में फिर फेल हुए नीतीश" 
सुशील मोदी ने कहा कि दक्षिणी राज्यों के मुख्यमंत्रियों में केसीआर, विजयन, एमके स्टालिन तो दूर उत्तरी राज्यों के अरविंद केजरीवाल, अशोक गहलोत, ममता बनर्जी ने भी चौटाला से दूरी बनाए रखी। उन्होंने कहा कि पटना में केसीआर से मिलने और दिल्ली में आधा दर्जन नेताओं से नीतीश कुमार की ताजा मुलाकात कोई काम नहीं आई। वे अपने मिशन में फिर फेल हुए। 

नीतीश ने विपक्षी पार्टियों से की एकजुट होने की अपील 
देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल की 109 वीं जयंती पर 25 सितंबर यानी कल फतेहाबाद में 'सम्मान दिवस रैली' आयोजित की गई। इसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, राकांपा प्रमुख शरद पवार सहित 10 बड़े राज्यों के भाजपा विरोधी नेता शामिल हुए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा से मुकाबला करने के लिए रविवार को कांग्रेस और वाम दलों समेत सभी विपक्षी पार्टियों से एकजुट होने की अपील की और कहा कि “विपक्षी दलों का मुख्य मोर्चा” यह सुनिश्चित करेगा कि 2024 के आम चुनाव में भगवा पार्टी को बुरी तरह शिकस्त मिले।

Content Writer

Ramanjot