...अब किस मुंह से मंत्रियों के इस्तीफे मांगेगी राजदः सुशील मोदी

2/14/2021 10:01:25 AM

पटनाः बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने मुख्य विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर हमला बोला और कहा कि मॉल-मिट्टी घोटाले में फंसी बड़ी मछलियों से इस्तीफा न लेने वाले किस मुंह से मंत्रियों के इस्तीफे मांगेंगे।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सुशील मोदी ने शनिवार को ट्वीट किया कि बिहार के एक जिले में कोरोना जांच में गड़बड़ी पाए जाने पर राज्य सरकार ने तुरंत सिविल सर्जन सहित सात लोगों पर कार्रवाई की। यह भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की मिसाल है। उन्होंने कहा कि विपक्ष इस सख्ती का स्वागत करने की बजाय आरोपियों को पोलिटिकल कवर देने के लिए बड़ी मछलियों पर कार्रवाई की बात कर रहा है। उन्होंने सवालिया लहजे में कहा कि राजद बताए कि मॉल-मिट्टी घोटाले में जब बड़ी मछलियां फंसी थीं, तब उनसे इस्तीफा क्यों नहीं दिलवाया गया था।

भाजपा नेता ने कहा कि राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबडी देवी ने 15 साल जो सरकार चलाई, उसमें सबसे बड़ा था चारा घोटाला। इसके अलावा अलकतरा और बीएड डिग्री सहित कई घोटाले हुए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015 में जब महागठबंधन सरकार के साथ लालू परिवार की दूसरी पीढ़ी को सत्ता का पहला स्वाद मिला तब केवल 19 महीनों में मॉल-मिट्टी घोटाला सामने आ गया। मोदी ने कहा कि जिनके परिवार और राजनीति के डीएनए में घोटाला है, वे नई राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के मंत्रियों को काम करने से रोकने के लिए इस्तीफा मांगने की मुहिम छेड़ना चाहते हैं।

Content Writer

Ramanjot