सुशील मोदी का हमला- मोबाइल फोन के जरिए जोड़-तोड़ को बढ़ावा दे रहे लालू यादव

1/3/2021 1:11:51 PM

पटनाः बिहार के राजनीतिक दलों में बयानबाजी का दौर लगातार जारी है। सत्ता पक्ष और विपक्ष तरह-तरह के मुद्दों पर एक-दूसरे का घेराव कर रहा है। इसी कड़ी में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू यादव पर हमला बोला है। उन्होंने राजद अध्यक्ष पर जोड़-तोड़ को बढ़ावा देने का आरोप लगाया है।

सुशील मोदी ने ट्वीट कर लिखा, "बिहार में भाजपा और जदयू के बीच लगभग दो दशक पुरानी दोस्ती से जलने वाले तत्वों की वजह से हमारे बीच एक बुरा दौर आया और गुजर गया। हमें जनता ने जब फिर सेवा का मौका दिया,तो विपक्ष की छाती फटने लगी। उन्होंने कहा कि लालू यादव रिम्स, रांची के पेइंग वार्ड से जेल नियमों का उल्लंघन कर मोबाइल फोन के जरिए लगातार राजद नेताओं को निर्देश देकर जोड़- तोड़ को बढावा दे रहे हैं।'

भाजपा नेता ने कहा कि जिन लोगों ने ट्रांसफर-पोस्टिंग को कमाई का जरिया बना लिया था, वे मलाई न मिलने के कारण आज रुटीन प्रशासनिक काम को भी राजनीतिक रंग देना चाहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में परस्पर सम्मान और विश्वास के मजबूत आधार पर काम करते हुए दोनों दलों ने मिल कर बिहार को जंगलराज से उबार कर विकास की दर दहाई अंकों में बनाए रखी।

Ramanjot