लालू और नीतीश के बीच शह-मात का खेल शुरू, RJD अध्यक्ष के इशारे पर बोल रहे सुधाकर सिंहः सुशील मोदी

1/3/2023 10:43:22 AM

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी (Sushil Kumar Modi) ने कहा कि साल की शुरुआत के साथ लालू यादव और नीतीश कुमार के बीच शह-मात का खेल शुरू हो गया। मोदी ने सोमवार को बयान जारी कर कहा कि लालू प्रसाद यादव के इशारे पर ही पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए ‘शिखंडी' और 'नाइट गार्ड' जैसे अपमानजनक शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने तीन बार लालू प्रसाद यादव को धोखा दिया है और अब दोनों एक-दूसरे पर भरोसा नहीं करते हैं।

"सुधाकर और जगदानंद सिंह को दिया गया टास्क"
भाजपा नेता ने कहा कि नीतीश कुमार ने तेजस्वी प्रसाद यादव को मुख्यमंत्री बनाने का वादा किया था। चार महीने तक वादा पूरा नहीं किया और अब वह कह रहे हैं कि तेजस्वी यादव 2025 के चुनाव का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के इरादे भांप कर सुधाकर सिंह और जगदानंद सिंह को टास्क दे दिया गया है। दोनों नीतीश कुमार के मुखर विरोधी हैं और गठबंधन-धर्म की परवाह नहीं करते। मोदी ने कहा कि दोनों की पीठ पर लालू यादव का हाथ है, इसलिए जगदानंद सिंह को मना कर प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखा गया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार न जगदानंद सिंह को अपदस्थ करा पाए, न सुधाकर सिंह के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई हुई। 

यह भी पढ़ें- सुधाकर सिंह के बयान के बाद कुशवाहा की तेजस्वी को चेतावनी, पोस्ट कर लिखा- अपने विधायक को समझाइए 

"नीतीश के खिलाफ दोनों छोर से हो रही धुआंधार गेंदबाजी"
भाजपा सांसद ने कहा कि जगदानंद सिंह ने 'कुछ बड़ा हासिल करने के लिए बलिदान करने' की बात कह कर नीतीश कुमार को तेजस्वी यादव के लिए कुर्सी छोड़ने का इशारा ही किया था। उन्होंने कहा, 'कैप्टन लालू प्रसाद यादव के इशारे पर जगदानंद-सुधाकर सिंह की जोड़ी नीतीश कुमार के खिलाफ दोनों छोर से धुआंधार गेंदबाजी कर रही है।

Content Writer

Ramanjot