टाल क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करे सरकारः विधानसभा अध्यक्ष

11/30/2021 3:58:59 PM

पटनाः बिहार विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने नियमावली के माध्यम से राज्य सरकार को टाल क्षेत्र की समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए एक ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा है।

विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को भोजनावकाश से पूर्व सदन में जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक अरुण कुमार के मोकामा-बड़हिया टाल क्षेत्र से संबंधित ध्यानाकर्षण प्रश्न का जवाब देने के दौरान हस्तक्षेप किया। उन्होंने सदन की ध्यानाकर्षण समिति को अगले सत्र में अंतरिम रिपोर्ट पेश करने के निर्देश के साथ प्रश्न सौंप दिया।

सभाध्यक्ष ने कहा कि टाल क्षेत्र खेती के सीजन के दौरान जलमग्न रहता है, जो एक गंभीर मुद्दा है। टाल क्षेत्र के किसान पिछले चार वर्षों से खेती नहीं कर पा रहे है। इस कारण किसान भुखमरी जैसी स्थिति का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बालगुदर परियोजना का चार साल पहले शुरू की गई थी और इसे दो साल पहले पूरा करने का समय निर्धारित किया गया था लेकिन यह अभी भी अधूरा है, जिसके कारण टाल क्षेत्र की समस्या जस की तस बनी हुई है।

जल संसाधन मंत्री के विस्तृत उत्तर के बाद भाजपा विधायक अरुण कुमार ने सरकार से मोकामा-बड़हिया टाल क्षेत्र के किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए अपनी योजना के बारे में पूछा। उन्होंने सरकार से राज्य भर में जलमग्न कृषि भूमि की समस्याओं के समाधान के लिए एक हवाई सर्वेक्षण कराने का भी आग्रह किया। उन्होंने हाथीदाह के पास टाल क्षेत्र के पानी की निकासी के लिए एक प्रणाली विकसित करने का सुझाव दिया।

Content Writer

Ramanjot