चारा घोटाला मामला: CBI ने विशेष अदालत में दो गवाहों का बयान करवाया कलमबंद

4/6/2024 9:47:17 AM

पटना: बिहार के बहुचर्चित करोड़ो रुपए के चारा घोटाला से जुड़े एक मुख्य मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने विशेष अदालत में अपने 90वें एवं 91वें गवाह का बयान कलमबंद करवाया।

चारा घोटाला मामलों की सुनवाई कर रही विशेष अदालत के न्यायाधीश महेश कुमार की अदालत में सीबीआई ने 90वें गवाह के रुप में एक बैंककर्मी कृष्ण कुमार सिन्हा को पेश किया था जबकि 91वें गवाह के रूप में बजट शाखा के प्रशाखा पदाधिकारी चंद्र प्रकाश सहाय को पेश किया गया। गवाहों का मुख्य परीक्षण पूरा हुआ और बचाव पक्ष के द्वारा प्रतिपरीक्षण किया गया। मामला भागलपुर के बांका उप जिला कोषागार से पशुपालन विभाग में जाली विपत्रों के आधार पर लगभग 45 लाख रुपए की अवैध निकासी का है। 

लालू समेत 18 आरोपितों के खिलाफ सुनवाई जारी
पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव समेत कई तत्कालीन मंत्री, विधायक और भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी इस मामले में आरोपित हैं। सीबीआई ने मामले की प्राथमिकी आरसी 63ए/96 के रूप में दर्ज करने के बाद 44 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। इनमें से कई आरोपितों की मृत्यु हो चुकी है। वर्तमान में लालू प्रसाद यादव समेत 18 आरोपितों के खिलाफ सुनवाई जारी है।

Content Writer

Ramanjot