डिप्टी CM बोले- बिहार में खिलाड़ियों के संवर्द्धन के लिए उत्कृष्ट वातावरण का होगा निर्माण

8/17/2021 12:52:48 PM

पटनाः बिहार के उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि राज्य में प्रतिभावान खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है और इनके संवर्द्धन के लिए उत्कृष्ट वातावरण का निर्माण किया जाएगा।

तारकिशोर प्रसाद ने सोमवार को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी की तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) क्रीड़ा प्रकोष्ठ की ओर से यहां आयोजित खिलाड़ी सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में प्रतिभावान खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। सरकार राज्य में खेल के विकास एवं उत्कृष्ट खेल वातावरण तैयार करने तथा खिलाड़ियों के संवर्द्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठा रही है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आत्मनिर्भर बिहार सात निश्चय पार्ट-दो के तहत पृथक खेल विश्वविद्यालय के गठन के लिए मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ राजनीतिक क्षेत्र में ही काम नहीं करती बल्कि समाज के प्रत्येक क्षेत्र में देश एवं राज्य की समग्र उन्नति के लिए सोचती है। आज के इस खिलाड़ी सम्मान समारोह के आयोजन से उदयीमान खिलाड़ियों का हौसलावर्द्धन होगा।

इस मौके पर पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि देश के खिलाड़ियों ने टोक्यो ओलंपिक में बेहतर प्रदर्शन करते हुए सात पदक जीते हैं। ऐसी व्यवस्था होनी चाहिए कि हमारे खिलाड़ी अगले ओलंपिक में सात की जगह 14 पदक जीत कर लाएं। उन्होंने कहा कि राज्य के 8080 पंचायतों में जमीन की उपलब्धता के आधार पर खेल मैदान एवं पाकरं का विकास किया जाएगा। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री रामसूरत राय ने कहा कि राज्य के खिलाड़ियों में अछ्वुत उत्साह एवं क्षमता है। बिहार अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा एवं हमारे खिलाड़ी देश और दुनिया में नाम रोशन करेंगे।

Content Writer

Ramanjot