"Tejashwi को मुख्यमंत्री बनाने का अपना सपना पूरा करें Lalu, 2025 में नहीं मिलेगा मौका"

2/23/2023 1:04:04 PM

 

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव अपने पुत्र तेजस्वी यादव को एक बार मुख्यमंत्री बनाने का सपना जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का विलय या उसके विधायकों को तोड़कर पूरा कर ले नहीं तो उन्हें यह मौका फिर नहीं मिलेगा।

सुशील मोदी ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि नीतीश कुमार फिर एक बार राजद को धोखा देने की तैयारी कर रहे हैं। पहले उन्होंने तेजस्वी यादव को स्वयं अपना उत्तराधिकारी घोषित कर दिया और अब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह से बयान दिलवा रहे हैं कि ऐसा कोई फैसला नहीं हुआ है। 2025 में निर्णय होगा। वहीं, जदयू नेता केसी त्यागी भी कह रहे हैं कि 2030 में भी नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री रहेंगे। उधर राजद के विधायक एक स्वर से होली के बाद तेजस्वी यादव की ताजपोशी की घोषणा कर रहे हैं।

भाजपा सांसद ने कहा कि इन विरोधाभासी बयानों से राज्य में नौकरशाही पेशोपेश में पड़ गई है। विकास के कार्य ठप्प हो गए हैं और राजनीतिक अस्थिरता का खतरा पैदा हो गया है। सत्ता परिवर्तन की आहट से जनता भी संशकित है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार को हस्तक्षेप कर सारी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। मोदी ने कहा कि बिहार की जनता को यह जानने का अधिकार है कि किसका बयान सच है। यदि राजद और जदयू में कोई समझौता हुआ है तो जल्द से जल्द तेजस्वी यादव की ताजपोशी कर देनी चाहिए अन्यथा घोषणा कर देना चाहिए कि वर्ष 2025 में भी नीतीश कुमार ही महागठबन्धन के मुख्यमंत्री के दावेदार होंगे।

भाजपा सांसद ने कहा कि ऐसी स्थिति में लालू प्रसाद यादव को अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए। 2024 में नरेन्द्र मोदी का प्रधानमंत्री और 2025 में भाजपा का बिहार में मुख्यमंत्री बनना तय है। ऐसे में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव अपने पुत्र तेजस्वी यादव को एक बार मुख्यमंत्री बनाने का सपना पूरा करना चाहते हैं तो उन्हें 2025 का इन्तजार नहीं करना चाहिए बल्कि जदयू के 5-7 विधायकों को तोड़कर अपने बेटे को एक बार मुख्यमंत्री बनाने का अपना सपना पूरा कर लेना चाहिए।
 

Content Writer

Nitika