शिक्षा मंत्री के विरुद्ध जगह-जगह दर्ज हों मुकदमे, कॉलेज में घुसने न दें छात्रः सुशील मोदी

1/16/2023 8:35:34 AM

 

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि श्रीरामचरित मानस पर अपमानजनक टिप्पणी करने वाले शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर पर जगह-जगह मुकदमे दर्ज होने चाहिए और उनका ऐसा विरोध किया जाना चाहिए कि वे किसी कॉलेज में न घुसने पाएं।

सुशील मोदी ने रविवार को बयान जारी कर कहा कि जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के एक विधायक ने प्रोसेसर चंद्रशेखर का मानसिक संतुलन ठीक न होने की बात कह कर उन्हें हिंदू धर्म छोड़ने और इस्लाम या ईसाई पंथ में मतान्तरण कर लेने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से हाथ मिलाने के बाद मंत्रियों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कोई नियंत्रण नहीं रह गया है।

भाजपा सांसद ने कहा कि जिन्हें शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई, वे छात्रों-शिक्षकों की समस्याएं हल करने के बजाय लोकप्रिय हिंदू धर्म ग्रंथ रामचरित मानस की निंदा कर समाज में कटुता पैदा करने पर उतर आए। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ महागठबंधन में पूरी अराजक स्थिति है। मानस निंदा प्रकरण में जदयू और राजद के बड़े नेता परस्पर विरोधी बयान दे रहे हैं। मोदी ने कहा कि राजद में एक और पाटर्ी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी और विधायक विजय मंडल शिक्षा मंत्री के बयान को गलत मानते हैं, जबकि प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह मानस निंदक मंत्री के विचारों के साथ खड़े हैं।

वहीं जदयू अध्यक्ष ललन सिंह के मुताबिक उनकी पार्टी मजबूत हुई है, लेकिन संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा को संगठन में कमजोरी महसूस हो रही है। भाजपा सांसद ने कहा कि सरकार और महागठबंधन में तीखे मतभेद खुलकर सामने आ रहे हैं, जबकि नीतीश कुमार, लालू प्रसाद यादव और श्री तेजस्वी यादव चुप्पी साधकर तमाशा देख रहे हैं।

Content Writer

Nitika