बिहार में जिसने भी जनता के पैसे से विमान खरीदा, वह अपना कार्यकाल पूरा न कर सका: सुशील मोदी

12/30/2022 12:59:58 PM

 

पटनाः बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं भाजपा के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने 250 करोड़ का जेट विमान और 100 करोड़ रुपए का हेलीकॉप्टर खरीदने के नीतीश सरकार के फैसले का विरोध जारी रखा। साथ ही कहा कि बिहार में जिसने भी जनता के पैसे से विमान-हेलीकॉप्टर खरीदा, वह अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सका।

सुशील मोदी ने बयान जारी कर कहा कि बिहार में कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री सत्येंद्र नारायण सिन्हा के आदेश से दो हेलीकॉप्टर खरीदे गए थे, फिर राष्ट्रपति शासन के समय राज्यपाल बूटा सिंह के आदेश से छह सीटर विमान खरीदा गया। ये दोनों अपना कार्यकाल पूरा नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि अब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को तय करना है कि वे विमान खरीद के फैसले पर पुनर्विचार करते हैं या नहीं। भाजपा सांसद ने कहा कि जब पांच साल किराए पर हेलीकॉप्टर लिया गया तो अब अंतिम समय में खरीद क्यों। उन्होंने कहा कि क्या राज्य सरकार उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव को अपना जन्मदिन हवा में मनाने के लिए 350 करोड़ रुपए का बर्थडे गिफ्ट खरीद रही है।

मोदी ने कहा कि जदयू विमान की जरूरत के मामले में एक मुख्यमंत्री की तुलना देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से कैसे कर सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को तो अपने पद का संवैधानिक दायित्व पूरा करने के लिए दुनिया के विभिन्न देशों में जाना पड़ता है जबकि मुख्यमंत्री को अपने राज्य के बाहर साल में दो-चार बार ही जाना पड़ता है और नीतीश कुमार वह भी नहीं जाते। फिर, 250 करोड़ रुपए का जेट प्लेन क्यों खरीदा जाना चाहिए। जेट प्लेन बिहार में केवल चार जगह उतर सकता है।

पूर्व उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वे उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री थे तब छह-छह बार हेलीकॉप्टर ख़रीदने का कोई टेंडर नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अब तो राज्य सरकारों ने एयरक्राफ्ट खरीदना बंद कर दिया है। लीज पर लेते हैं।
 

Content Writer

Nitika