सुशील मोदी ने EWS आरक्षण पर SC के फैसले को बताया ''ऐतिहासिक'', RJD पर भी बोला हमला

11/7/2022 5:59:40 PM

 

पटना(अभिषेक कुमार सिंह): भाजपा सांसद एवं बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने कहा कि आज EWS पर सुप्रीम कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला आया है। साथ ही उन्होंने राजद पर भी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राजद ने EWS के 10% आरक्षण के विरोध में संसद के दोनों सदनों में मतदान किया था। वहीं राजद अब किस मुंह से सवर्णों से वोट मांगने जाएगी।

सुशील मोदी ने कहा कि 2019 में नरेंद्र मोदी ने ऊंची जाति के गरीब लोगों को 10% आरक्षण दिया था। सुप्रीम कोर्ट में इस कानून को चुनौती दी गई थी और आज सुप्रीम कोर्ट में इस पर सहमति मिल गई है। उन्होंने कहा कि संविधान की धारा 15 और 16 के अलावा एक नई धारा 6 दर्ज की गई, जिसमें ऊंची जाति के गरीब लोगों को आरक्षण देने का नियम है। राजद ने लोकसभा और राज्यसभा में इसका विरोध किया था। मनोज झा ने राज्यसभा और जयप्रकाश यादव ने लोकसभा में इसका विरोध किया था। इस कानून को लेकर जब मतदान हुआ था तो राजद के नेताओं ने इसके विरोध में वोटिंग की थी। इतना ही नहीं आम आदमी पार्टी ने इसके वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया था।

वहीं भाजपा सांसद ने कहा कि बिहार में भी जब एनडीए की सरकार थी तो राजद और वामदल ने इसका विरोध किया था। रघुवंश प्रसाद ने इस बिल का विरोध करने से मना किया था लेकिन रघुवंश प्रसाद का राजद ने क्या हाल किया, यह जनता जानती है। राजद में उच्च जाति के बड़े नेता जगदानंद सिंह का अपमान किया है। सवा महीने से जगदानंद सिंह कहां है, कुछ पता नहीं है।

Content Writer

Nitika