केंद्र सरकार ने खाद पर 1200 रुपए तक बढ़ाई सब्सिडी, किसानों को मिलेगी बड़ी राहतः सुशील मोदी

5/21/2021 11:07:10 AM

पटनाः बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सदस्य सुशील कुमार मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने रासायनिक उर्वरक (डीएपी) की खरीद पर सब्सिडी 1200 रुपए तक बढ़ाकर किसानों को बड़ी राहत दी है। 

सुशील मोदी ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि केंद्र सरकार ने रासायनिक उर्वरक (डीएपी) की खरीद पर किसानों को मिलने वाली सब्सिडी को 500 रुपए प्रति बोरी से बढ़ाकर 1200 रुपए प्रति बोरी कर दिया। उन्होंने कहा कि सब्सिडी में 140 फीसद की वृद्धि से किसानों को पहले की तरह 1200 रुपए की दर पर ही डीएपी मिलता रहेगा। इसके लिए सरकार को 14 हजार 775 करोड़ रुपए अतिरिक्त खर्च करने पड़ेंगे।

भाजपा नेता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में रासायनिक उर्वरक के दाम में 60 से 70 फीसद तक वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि अब सब्सिडी बढ़ने से किसनों को महंगा डीएपी 1900 रुपए की दर पर नहीं खरीदना पड़ेगा।

Content Writer

Ramanjot