बिहार में बदलाव की बयार, जनता की आवाज महागठबंधन के साथ: सोनिया गांधी

10/27/2020 12:05:10 PM

नई दिल्ली/पटनाः कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बिहार विधानासभा चुनाव में राज्य के मतदाओं से महागठबंधन को समर्थन देने की अपील की। साथ ही कहा कि राज्य में बदलाव की बयार चल रही है और लोगों की आवाज राजद, कांग्रेस एवं वाम दलों के गठबंधन के साथ है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि केंद्र और बिहार में फिलहाल ‘बंदी सरकारें' हैं, जिन्होंने नोटबंदी, तालाबंदी, व्यापारबंदी, आर्थिकबंदी, खेत-खलिहान बंदी और रोटी-रोजगारबंदी की है।

सोनिया ने एक वीडियो संदेश में कहा कि आज बिहार में सत्ता और उसके अहंकार में डूबी सरकार अपने रास्ते से भटक गई है। ना उनकी करनी अच्छी है, ना कथनी। मज़दूर आज मजबूर है। किसान आज परेशान है। नौजवान आज निराश है। उन्होंने यह दावा भी किया कि अर्थव्यवस्था की नाज़ुक स्थिति लोगों के जीवन पर भारी पड़ रही है। धरती के बेटों पर आज गंभीर संकट है। दलितों और महादलितों को बदहाली के कगार पर लाकर छोड़ दिया गया है। समाज के पिछड़े वर्ग भी इसी बदहाली के शिकार हैं।


वहीं कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बिहार की जनता की आवाज कांग्रेस महागठबंधन के साथ है। यही है आज बिहार की पुकार। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली और बिहार की सरकारें, ‘बंदी सरकारें' हैं- नोटबंदी, तालाबंदी, व्यापारबंदी, आर्थिक बंदी, खेत-खलिहान बंदी, रोटी-रोजगार बंदी। इसीलिए, बंदी सरकार के खिलाफ- अगली नस्ल और अगली फसल के लिए, एक नए बिहार के निर्माण के लिए, बिहार की जनता तैयार है।

 

Nitika