चिराग के छोटे भाई प्रिंस राज ने कहा- पूरी मजबूती के साथ NDA में रहेगा LJP का पारस गुट

7/27/2021 10:05:39 AM

 

समस्तीपुरः लोजपा (पारस गुट) के बिहार प्रदेश अध्यक्ष एवं समस्तीपुर के सांसद प्रिंस राज ने कहा कि उनकी पार्टी पूरी मजबूती के साथ राजग में रहेगी।

प्रिंस राज ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी और बिहार में नीतीश सरकार आम लोगों के विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार है और हम सब का दायित्व है कि जनता के बीच मे जाकर उनकी समस्याओं को सुनना एवं सरकार तक उनकी बातों को पहुंचाना। चिराग पासवान ने बिहार विधान सभा चुनाव मे अकेले लड़ने का जो निर्णय लिया था वह गलत और पार्टी हित में नहीं था।''

सांसद ने बड़े भाई चिराग पासवान को अपने निर्णय पर अकेले मे मंथन करने का सलाह देते हुए कहा कि उनके भाई अकेले में अपने निर्णय पर जब मंथन करेंगे तो उनको जवाब स्वयं मिल जाएगा। उन्होंने चिराग को नसीहत के लहजे में कहा कि वे सलाहकारों की बातों को कम सुने। बिहार में चिराग पासवान द्वारा निकाली गई आशीर्वाद यात्रा पर उन्होंने कहा कि हर कोई व्यक्ति निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र है कि वो क्या करें क्या नहीं करें।

एक प्रश्न के उत्तर मे प्रिंस ने कहा कि चिराग पासवान हमारे बड़े भाई है और सदैव हमारे बड़े भाई रहेंगे। लेकिन उनको एक बार जरूर मंथन करना चाहिए कि पार्टी में ऐसा निर्णय क्यों लिया गया। पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र समस्तीपुर पहुंचे प्रिंस राज ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रखंड एवं जिला स्तर पर अभियान चलाकर नए और पुराने बिछड़े साथियों को पार्टी से जोड़ा जाएगा।

Content Writer

Nitika