जनता लोकतंत्र की हनुमान, शक्तियों का एहसास दिलाने के लिए जामवंत जरुरीः प्रशांत किशोर

12/11/2022 5:15:30 PM

पूर्वी चंपारणः जन सुराज पदयात्रा के 71वें दिन की शुरुआत जतवालिया पंचायत स्थित पदयात्रा शिविर में सर्वधर्म प्रार्थना से हुई। इसके बाद प्रशांत किशोर सैकड़ों पदयात्रियों के साथ जतवालिया से निकल कर तिलहारा कला, बरवाहा फतेह मोहम्मद, सिसनी, बड़ा हरदिया, भगवानपुर, भखरी पंचायत से होते हुए ढाका से सटे चिरैया प्रखंड के रुपहारा पंचायत में रात्रि विश्राम के लिए पहुंचे। दिनभर पदयात्रा के दौरान प्रशांत किशोर ने स्थानीय लोगों के साथ 5 आमसभाओं को संबोधित किया।

जनता लोकतंत्र की हनुमान, शक्तियों का एहसास दिलाने के लिए जामवंत जरुरी: पीके
जन सुराज पदयात्रा पर चल रहे हैं प्रशांत किशोर ने एक आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि जन सुराज अभियान जनता को जागरूक करने का अभियान है। इसके साथ ही सभा में मौजदू लोगों से बात करते हुए उन्होंने कहा जब तक आप अपनी और अपने बच्चों की चिंता नहीं करेंगे तब तक बिहार को कोई नहीं सुधार सकता हैं। प्रशांत किशोर ने कहा आप लोग लोकतंत्र के हनुमान हैं, आपको अपनी शक्तियों का एहसास नहीं है। आपको एक जामवंत की ज़रूरत है, जो यह एहसास दिलाए की जनता जिसका बटन दबाती है, राजा वही बनता है।

उस म्यूजियम का क्या फायदा जब किसानों के खेतों तक पानी न पहुंच पाएः पीके
जन सुराज पदयात्रा के दौरान ढाका प्रखंड में प्रशांत किशोर ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन का मॉडल पेश करते हुए नीतीश कुमार ने 600 करोड़ का म्यूजियम बनाया है। जबकि बिहार की जनता के लिए उस म्यूजियम का कोई औचित्य नहीं है, जब बिहार के किसानों के खेतों में पानी नहीं पहुंच पाए। बीमार होने पर आपको अस्पताल ही नहीं मिल पाए। उन्होंने कहा कि सुराज आपके लिए वह है जब आप के खेत में समय से पानी पहुंच जाए, आपके यातायात के लिए सड़क बन जाए, आपके स्थानीय अस्पताल बेहतर हो जाए, विद्यालय सुचारू रूप से चलने लगे।

Content Editor

Swati Sharma