BJP विधायक की नाराजगी पर बोले नीतीश- किसी को अच्छा नहीं लगता तो वह उनकी निजी बात

2/11/2021 5:47:21 PM

 

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भाजपा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू की नाराजगी पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि ये विधायक का निजी विचार है। साथ ही विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा है।

दरअसल, भाजपा विधायक ने मंत्रिमंडल विस्तार पर नाराजगी जताई थी। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी यह सब तय करती है। किसी को अच्छा नहीं लगता है तो वह उनकी निजी बात है। हम लोगों को सेवा का फिर मौका मिला है। सेवा करना ही मेरा धर्म है। वहीं मंत्रिमंडल विस्तार के बाद आए विपक्षी नेताओं के बयान पर नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार की जिनको क-ख-ग-घ की जानकारी नहीं है, उनकी बातों पर क्या टिप्पणी करना है। बिहार में 15 सालों में कितनी प्रगति हुई है, यह अध्ययन करने की बात है।

बता दें कि मंत्रिमंडल विस्तार के बाद भाजपा विधायक ज्ञानू ने कहा था कि 'जातिगत संतुलन का ध्यान नहीं रखा गया है। भाजपा के लगभग 50 प्रतिशत उच्च जाति के उम्मीदवारों ने चुनाव जीते हैं लेकिन किसी को डिप्टी सीएम के रूप में नियुक्त नहीं किया गया। जिन लोगों को जीत नहीं मिली, जिनके पास अनुभव कम है या वे जो अपराधी हैं, उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। दक्षिण बिहार को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया है।
 

Content Writer

Nitika