अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच पटना में कई काम कराए जाएंगे: CM नीतीश कुमार
Friday, Mar 27, 2026-01:03 PM (IST)
Nitish Kumar News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरूवार को कहा कि सात निश्चय 3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच पटना में कई काम कराये जाएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज समृद्धि यात्रा के क्रम में पटना स्थित सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र के बापू सभागार में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा पटना जिले के लिए 29 योजनाओं की स्वीकृति दी गई जिन पर काम चल रहा है, जिसे शीघ्र पूरा किया जाएगा।
इन योजनाओं में 11 पथों का निर्माण एवं चौड़ीकरण, पांच बड़े नालों का पक्कीकरण, 3 नदियों पर बड़े पुल का निर्माण, चार पर्यटन स्थलों के विकास का कार्य तथा दो मंदिरों के परिसर का सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है। बाढ़ में उमानाथ मंदिर के पास शमशान घाट का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पटना के शहरी क्षेत्रों में बिजली के तार को भूमिगत किया जा रहा है। इसके अलावा यहां नये प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन का निर्माण सहित अन्य कई विकास के महत्वपूर्ण कार्य कराए जा रहे हैं। नीतीश कुमार ने कहा कि सरकार ने शुरू से ही पटना के विकास के लिए भी कई महत्वपूर्ण काम किए हैं। उन्होने कहा कि पटना में अच्छी सड़कें, कई फ्लाईओवर, एलिवेटेड रोड, जेपी गंगा पथ, पाटली पथ, अटल पथ, मीठापुर महुली पथ, पटना-बाढ़-मोकामा पथ का निर्माण कराया गया है। महात्मा गांधी सेतु, जेपी सेतु सहित गंगा नदी पर कई पुल एवं एप्रोच पथ बनाए गए हैं। इससे आवागमन सुगम हो गया है। यहां राष्ट्रीय स्तर के कई संस्थान एवं मीठापुर में शैक्षणिक संस्थाएं स्थापित की गई है। यहां एयरपोर्ट का विस्तार एवं मेट्रो रेल का निर्माण कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय 3 के तहत अगले पांच वर्षों 2025 से 2030 के बीच पटना में अनेक काम कराए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार के लिए जिले की छह लाख एक हजार महिलाओं को 10 हजार रुपए के हिसाब से राशि दी जा चुकी है। उन्हें रोजगार आगे बढ़ाने के लिए दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी। पटना में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर नये उद्योग लगाये जाएंगे। डेयरी को बढ़ावा देने के लिए सभी 313 पंचायतों में सुधा दूध बिक्री केन्द्र खोला जायेगा। कुमार ने कहा कि सभी 23 प्रखंडों में आदर्श विद्यालय तथा डिग्री कॉलेज की स्थापना की जाएगी। सभी 23 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों को विशिष्ट अस्पताल के रूप में विकसित किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पटना में खेलों के लिए स्पोट्र्स सिटी का निर्माण कराया जाएगा। सबका सम्मान-जीवन आसान निश्चय के तहत कठिनाइयों को दूर कर लोगों के लिए सरकारी सुविधाएं प्राप्त करना आसान बनाया जायेगा। इन कामों से जिले का पूरे तौर पर विकास होगा। केन्द्र सरकार का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। अब बिहार बहुत आगे बढ़ेगा और देश के विकसित राज्यों में शामिल हो जाएगा।

