नीतीश कुमार ने कहा- जलवायु संरक्षण के प्रति सभी को जागरुक करने की जरूरत

6/16/2021 10:20:15 AM

 

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जलवायु संरक्षण के प्रति जागरुकता पर बल देते हुए कहा कि उनकी सरकार ने राज्य में विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी कई कदम उठाए हैं।

नीतीश कुमार की अध्यक्षता में वीडियो कन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जल-जीवन-हरियाली अभियान के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। उन्होंने इस क्रम में कहा कि उनकी सरकार ने राज्य में विकास के कई कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी कई कदम उठाए हैं। वृक्षारोपण के साथ-साथ जल संरक्षण को लेकर भी कार्य किए जा रहे हैं। राज्य के बंटवारे के बाद बिहार का हरित आवरण 9 प्रतिशत रह गया था। वर्ष 2012 में हरियाली मिशन की स्थापना की गई और 24 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि 24 करोड़ पौधे में से अबतक लगभग 22 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। अब राज्य का हरित आवरण 15 प्रतिशत से अधिक हो चुका है, सरकार ने इसे 17 प्रतिशत से अधिक करने का लक्ष्य रखा है और उसके लिए तेजी से वृक्षारोपण का कार्य किया जा रहा है। 5 जून 2020 से 9 अगस्त 2020 तक 2 करोड़ 51 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन उससे अधिक 3 करोड़ 94 लाख वृक्षारोपण किया गया। 5 जून 2021 को 5 करोड़ पौधे लगाने के लक्ष्य की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण के बाद उनके रखरखाव पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। 

Content Writer

Nitika