नकारात्मक राजनीति का प्रदर्शन कर रहा विपक्ष: नंदकिशोर यादव

12/1/2021 12:18:11 PM

 

पटनाः भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बिहार के पूर्व मंत्री नंदकिशोर यादव ने कहा कि चाहे संसद हो या बिहार विधानसभा दोनों जगह विपक्ष नकारात्मक राजनीति का प्रदर्शन कर रहा है।

नंदकिशोर यादव ने कहा कि चाहे संसद हो या बिहार विधानसभा दोनों जगह विपक्ष नकारात्मक राजनीति का प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही में बाधा डालना और सरकार का विरोध करना ही विपक्षी दल अपना दायित्व समझ रहे हैं। यह जनता के साथ धोखा है। भाजपा नेता ने कहा कि संसद के मॉनसून सत्र में सदन की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाले राज्यसभा के विपक्षी दलों के 12 सदस्यों को निलंबित कर सराहनीय संदेश दिया गया है। इस सख्ती से सिर्फ संसद नहीं बल्कि राज्यों की विधानसभाओं में भी गलत हरकत करने वाले सदस्यों को सबक मिलेगा।

नंदकिशोर यादव ने कहा कि कांग्रेस का लोकतांत्रिक व्यवस्था में कभी विश्वास नहीं रहा है। सिर्फ अपने लाभ के लिए लोगों को गुमराह करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि देश के किसान कांग्रेस के भ्रमजाल से बाहर आ चुके हैं। कांग्रेस को इसका मलाल सता रहा है, इसलिए वह तरह-तरह का जनविरोधी हथकंडा अपना रही है।

भाजपा नेता ने सवालिया लहजे में कहा कि संसद परिसर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने प्रदर्शन करने वाले विपक्षी दलों के सदस्य बताएं कि उन्होंने बापू के बताए रास्ते पर कब अनुगमन किया। कांग्रेस अपने लाभ के लिए बापू के नाम का भी इस्तेमाल करने से बाज नहीं आया। कांग्रेस ने देश को जो धोखा दिया है, उसके लिए उसे लंबा प्रायश्चित करना होगा।
 

Content Writer

Nitika