मल्लाह मछली ही नहीं मार सकता बल्कि राजनीति भी कर सकता है, यह हमने कर दिखायाः मुकेश सहनी

8/18/2022 4:46:29 PM

 

पटनाः विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के प्रमुख और पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि हमारी ताकत ने यह साबित कर दिया है कि मल्लाह सिर्फ मछली ही नहीं मार सकता बल्कि राजनीति भी कर सकता है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से हमारी जाति के लोग चुनाव में एक टिकट पाने के लिए पूरी जिंदगी खपा देते थे, लेकिन आज हमलोग टिकट बांटते हैं।

पटना में पार्टी के जिला कमेटी की समीक्षा बैठक में आए लोगों को संबोधित करते हुए सहनी ने पार्टी के अधिकारियों में जोश भरते हुए कहा कि आने वाले समय में हमें संगठित रूप से काम करना होगा। उन्होंने कहा कि हमारे समाज की ताकत है कि बहुत कम समय में यानी 2 वर्षो में हमारी मदद से सरकार बनी और हम लोग सरकार में शामिल भी हुए। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिना राजनीति ताकत के बिना हम अपने अधिकार की लड़ाई नहीं जीत सकते। उन्होंने जदयू, भाजपा और राजद की तरह संगठित होकर काम करने का आह्वान करते हुए कहा कि आज हमें अपनी ताकत का एहसास हो चुका है। अब जरूरी है कि इस ताकत को एकजुट रखते हुए योजनाबद्ध तरीके से योजनाओं को सरजमीं पर उतारा जाए। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज जदयू के अलग होने के बाद भाजपा इसे जनादेश का अपमान कह रही है, लेकिन भाजपा ने भी 2017 में यही किया था, जो आज राजद ने किया है।

सहनी ने पूछा कि क्या उस समय जनादेश का अपमान नहीं था। सहनी ने कहा कि आज भाजपा प्रदेश स्तर से लेकर प्रखंड स्तर तक धरना दे रही है लेकिन जब हमारे 3 विधायकों को तोड़कर अपने पाला में कर लिया था तब तो हमारी पार्टी ने कुछ नहीं कहा। उन्होंने कहा कि देश में ऐसा कोई राज्य नहीं, जहां विपक्षी सरकार को भाजपा द्वारा परेशान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बैठक में जिला के पदाधिकारियों को घर-घर तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाने के भी निर्देश दिए।
 

Content Writer

Nitika