NDA का साथ छोड़ने की अफवाहों के बीच JDU ने किया स्पष्ट- पार्टी राज्य में मजबूती से गठबंधन के साथ

1/11/2021 10:20:00 AM

पटनाः बिहार में जदयू के एनडीए का साथ छोड़ने की अफवाहों के बीच जदयू ने स्पष्ट किया कि पार्टी राज्य में मजबूती से गठबंधन के साथ है। बिहार एनडीए में महत्वपूर्ण घटक जदयू, भाजपा, हम और वीआईपी के साथ मिलकर गठबंधन सरकार चला रहा है।

जदयू के वरिष्ठ नेता और सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने कहा, ‘‘हमारे नेता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बारे में मीडिया में कई तरह की अटकलें चल रही है। कोई उन्हें कहीं भेज रहा है तो कुछ अन्य कहीं ओर। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन हम स्पष्ट करना चाहेंगे कि हमारी पार्टी (जदयू) राजग के साथ मजबूती से एकजुट है।'' सिंह पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी और प्रदेश परिषद की 2 दिवसीय बैठक में लिए गए फैसलों के बारे में प्रदेश मुख्यालय में संवाददाताओं से बात कर रहे थे।

सिंह का बयान इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि विपक्षी नेता एनडीए के 2 भागीदारों-भाजपा और जदयू के बीच कथित गतिरोध पर राज्य में राजनीतिक अस्थिरता की बात कर रहे हैं। अरुणाचल प्रदेश में जदयू के कुछ विधायकों के भाजपा में शामिल हो जाने के बाद कई मुद्दों पर बिहार में सत्तारूढ़ गठबंधन के दोनों भागीदारों के बीच गतिरोध की अटकलें लगने लगी। प्रदेश परिषद की बैठक में लिए गए अन्य फैसलों के बारे में सिंह ने कहा कि पार्टी ने संगठन को मजबूत बनाने पर भी चर्चा की।

वहीं ललन सिंह ने कहा, ‘‘पार्टी के सदस्यों की आम राय है कि भले ही पार्टी की ताकत कम हुई हो लेकिन जनाधार नहीं घटा है। हम इससे (विधानसभा चुनाव परिणाम में मिली कम सीटों से) हताश नहीं हैं। हम अपनी पार्टी को और मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे और आगे बढ़ेंगे। पिछले साल बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू को महज 43 सीटें मिली जबकि 2015 में उसे 71 सीटें मिली थी। दूसरी तरफ भाजपा को 74 सीटें मिली और गठबंधन में उसका कद भी बढ़ गया।

Nitika