वैक्सीनेशन अभियान पर बोले CM नीतीश- हम 6 महीने में 6 करोड़ से ज़्यादा लोगों को देंगे वैक्सीन की डोज़

9/20/2021 2:56:56 PM

 

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वैक्सीनेशन अभियान पर कहा कि हम लोग 6 महीने में 6 करोड़ से ज़्यादा लोगों को वैक्सीन की डोज़ लगा देंगे। हमने पीएम मोदी के जन्मदिन पर तय किया था कि कम से कम 30 लाख लोगों को वैक्सीन लगाएंगे। लेकिन हमने इससे भी ज़्यादा लोगों को वैक्सीन लगाया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि हमारे यहां के स्वास्थ्य विभाग और इससे संबंधित सभी लोग तथा पूरा प्रशासन सक्रिय है इस सक्रियता के कारण निश्चित रूप हम लोग वैक्सीनेशन का काम तेज़ी से जारी रखेंगे। हमने सभी लोगों को अलर्ट रखा हुआ है।

हेमंत की भोजपुरी-मगही पर टिप्पणी पर बोले नीतीश 
वहीं नीतीश कुमार ने झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन की भोजपुरी और मगही पर टिप्पणी पर कहा कि 2000 में बिहार 2 हिस्सों में बंट गया था। बिहार और झारखंड के लोग एक-दूसरे से प्यार करते हैं। मुझे नहीं पता कि लोग राजनीतिक रूप से क्या कहते हैं। झारखंड अलग होने के बावजूद हमें उनसे प्यार है।

सीएम ने कहा कि इन बातों पर कभी विचार नहीं करना चाहिए। बिहार और झारखंड भाई हैं, एक ही परिवार के हैं। बिहार और झारखंड को एक दूसरे के बारे में टिप्पणी करने की जरूरत नहीं है। उन्हें सिर्फ एक-दूसरे से प्यार है।

Content Writer

Nitika