चांदन नदी के किनारे अवस्थित पुरातात्विक स्थल को बनाएगा जाएगा पर्यटन केंद्रः CM नीतीश

12/13/2020 1:30:01 PM

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य में बांका जिले के चांदन नदी के किनारे अवस्थित पुरातात्विक स्थल को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

नीतीश कुमार ने शनिवार को बांका जिला के अमरपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत भदरिया स्थित चांदन नदी के तट पर अवस्थित पुरातात्विक स्थल के परिभ्रमण के दौरान कहा कि इस स्थल को पर्यटक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने निरीक्षण से पूर्व इस स्थल से प्राप्त मृदभांड एवं अन्य पुरातात्विक अवशेषों का अवलोकन किया और अधिकारियों को चांदन नदी के पानी के बहाव को पुराने चैनल की ओर मोड़ने का निर्देश दिया ताकि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण संस्थान इस इलाके का ठीक ढंग से खुदाई कर सके।

मुख्यमंत्री ने बाद में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि यह साबित हो चुका है कि यह ऐतिहासिक स्थल है। स्थानीय लोगों को यह जानकारी है कि यहां भगवान बुद्ध भी आए थे। प्रारंभिक अध्ययन में यहां से 2600 साल पुरानी चीजें मिली हैं। उन्होंने कहा कि इस पुरातात्विक स्थल की खुदाई होगी जिससे बिहार ही नहीं बल्कि दुनिया भर के लिए महत्वपूर्ण जानकारी मिलेगी। जिला प्रशासन और विशेषज्ञों की टीम इसपर काम कर रही है।

सीएम नीतीश ने कहा कि बिहार के विभिन्न हिस्सों में पौराणिक चीजें हैं और सभी का अपना ऐतिहासिक महत्व है। यह देखकर उन्हें काफी खुशी होती है। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक स्थल और चांदन डैम का विकास किया जाएगा ताकि यहां बड़ी संख्या में पर्यटक आकर्षित हों।

Ramanjot