BJP का दावा- विस चुनाव में अपने लोकसभा चुनाव का प्रदर्शन दोहराएगा NDA

8/23/2020 5:26:59 PM

पटनाः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महामंत्री व पार्टी के बिहार प्रभारी भूपेंद्र यादव ने ‘भाजपा है तैयार, आत्मनिर्भर बिहार' का नारा दिया। साथ ही उन्होंने दावा किया कि जो जनादेश बिहार की जनता ने लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजग को दिया था, बिहार की जनता विधानसभा चुनाव में उसे दोहराने जा रही है।

भूपेंद्र यादव ने बिहार भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की ऑनलाइन बैठक के आज अंतिम दिन अपने संबोधन में कहा, ‘‘पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर स्पष्ट हो चुका है कि जो जनादेश बिहार की जनता ने लोकसभा चुनाव में नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्त्व में राजग को दिया था, बिहार की जनता विधानसभा चुनाव में उसे दोहराने जा रही है। मुझे विश्वास है कि राजग तीन-चौथाई से अधिक सीटें जीतेगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा के लिए 'सेवा ही संगठन' है। हमारे संगठन का उद्देश्य ही सेवा है। हमारे कार्यकर्ता चुनौतियों से मुंह मोड़कर भागते नहीं बल्कि जनता के साथ और जनता के बीच खड़े होते हैं। जो राजनीतिक लोग बेबुनियाद आलोचना करते फिर रहे हैं, जब जनता के बीच खड़ा होने की जरूरत थी तब वे कहां थे?''

भूपेंद्र ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि उन्हें न केवल भाजपा की जीत सुनिश्चित करनी है बल्कि उनपर अपने सहयोगियों (जदयू और लोजपा) की भी जीत सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है। बिहार में राजग में भाजपा के अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जदयू और केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान की पार्टी लोजपा शामिल है। अगले सितंबर महीने में बिहार विधानसभा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा होने की संभावना है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ramanjot

Recommended News

Related News

static