बिहार चुनाव में 'जीत की क्षमता' देख होगा NDA की सीटों का बंटवाराः BJP महासचिव

7/24/2020 1:59:15 PM

नई दिल्ली/पटनाः भाजपा महासचिव और बिहार के प्रभारी भूपेंद्र यादव का कहना है कि राज्य विधानसभा के आगामी चुनाव में ‘‘विनेबिलिटी'' यानी जीत की क्षमता के आधार पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों के बीच सीटों का ‘‘सम्मानजनक'' बंटवारा होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिहार में गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री का चेहरा नीतीश कुमार ही होंगे।

भाजपा महासचिव ने राजद नेता तेजस्वी यादव पर भी करारा हमला किया और कहा कि बिहार विधानसभा का चुनाव भारत निर्माण की लड़ाई है ना कि किसी परिवार को सत्ता और सिंहासन पर पहुंचाने की। राजग के घटक दलों के बीच सीटों के बंटवारे के फार्मूले के सवाल पर उन्होंने कहा कि तीनों दलों में आपस में बातचीत चल रही है। सम्मानपूर्वक तरीके से गठबंधन में ‘विनेबिलिटी' को देखते हुए हम सीटों को आपस में वितरित करेंगे और सही समय पर इसका निर्णय हो जाएगा।

भूपेंद्र ने कहा कि भाजपा, जदयू और लोजपा का गठबंधन मजबूती के साथ बिहार के चुनाव में उतरेगा। केंद्र में भाजपा की नीतियों और बिहार में गठबंधन सरकार की उपलब्धियों के आधार पर हम चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि मैंने सभी जिलों में स्पष्टता के साथ कार्यकर्ताओं से बातचीत की और पार्टी में एक स्पष्ट निर्णय है कि वह गठबंधन में चुनाव लड़ेगी। बिहार में मुख्यमंत्री का चेहरा नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी हैं।

राज्य में कोरोना संकट, बाढ़ की स्थिति के अलावा भ्रष्टाचार और अपराध जैसे मुद्दों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर उठ रहे सवालों को भाजपा नेता ने विपक्षी दलों का राजनीतिक स्वार्थ बताया। उन्होंने कहा जहां तक कोरोना और बाढ़ का सवाल है, बिहार की सरकार पूरी सजगता के साथ इनका मुकाबला कर रही है और स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास कर रही है।

Edited By

Ramanjot