रेप पीड़िता की मौत पर बोले पप्पू यादव- महापाप को छुपाने के लिए उस मां की अस्पताल में जान ले ली गई

5/19/2021 3:08:16 PM

 

पटनाः राजधानी के राजाबाजार स्थित एक अस्पताल में कोरोना पीड़ित 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई। बीती रात उन्होंने अंतिम सांस ली। पीड़िता की पुत्री ने अस्पताल में इलाज के दौरान अपनी मां के साथ दुष्कर्म होने का आरोप लगाया था। वहीं अब इस घटना पर जाप अध्यक्ष और पूर्व सांसद पप्पू यादव ने नीतीश सरकार का घेराव किया है।

पप्पू यादव ने ट्वीट कर लिखा कि मैंने जो आशंका व्यक्त की थी वही हुआ। CM साहब के गांव की उस मां को पारस अस्पताल में मार दिया गया, जिसका 89 ऑक्सीजन लेवल था। लंग्स भी बहुत कम संक्रमित था। उनको वेंटिलेटर पर चढ़ाना संकेत था। रेप का महापाप छुपाने के लिए उनकी जान ले ली जाएगी। सब पर 302 का मुकदमा हो। सरकार टेक ओवर करे।

बता दें कि राजधानी के एक बड़े निजी अस्पताल के आईसीयू में कोरोना से जंग लड़ रही महिला के साथ दुर्व्यवहार का आरोप लगा था।महिला की बेटी के आरोप के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना के बाद शास्त्रीनगर थाने की एक टीम अस्पताल पहुंची और महिला के परिजनों से पूछताछ की थी।

Content Writer

Nitika