नालंदा के शीतला मंदिर में भगदड़: 9 की मौत, सुरक्षा व्यवस्था में चूक के बाद थानाध्यक्ष सस्पेंड
Wednesday, Apr 01, 2026-12:10 PM (IST)
Bihar News: बिहार के नालंदा जिले के मघड़ा गांव स्थित प्राचीन शीतला मंदिर में हुई भगदड़ ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। इस दर्दनाक हादसे में कई लोगों की जान चली गई और कई घायल हो गए। घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया है और लापरवाही पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद लोगों में आक्रोश
जिले के मघड़ा गांव के प्राचीन शीतला मंदिर में भगदड़ मचने से बड़ा हादसा हो गया। इस घटना में 8 महिलाओं सहित कुल 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। हादसे के बाद प्रशासन ने जांच के लिए डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी (विशेष जांच टीम) बनाई है। शुरुआती जांच में सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी लापरवाही सामने आई है। बताया जा रहा है कि मंदिर की सुरक्षा सिर्फ एक चौकीदार के भरोसे छोड़ दी गई थी।
जब मंदिर में भीड़ बढ़ रही थी और हालात बिगड़ने लगे, तब समय पर अधिकारियों को इसकी सूचना नहीं दी गई। इसी वजह से स्थिति काबू से बाहर हो गई और भगदड़ मच गई। इस मामले में कार्रवाई करते हुए एसपी भारत सोनी ने दीपनगर थाना के थानाध्यक्ष राजमणि को तुरंत सस्पेंड कर दिया है। फिलहाल, आईजी स्तर के अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं। घटना के बाद इलाके में लोगों में काफी गुस्सा देखा जा रहा है।

