नीतीश कुमार के अगले उपराष्ट्रपति बनने को लेकर अटकलें तेज, राबड़ी देवी ने कही ये बड़ी बात

4/1/2022 2:08:23 PM

पटनाः बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने गुरुवार को संकेत दिया कि मुख्यमंत्री पद की कुर्सी छोड़ कर नीतीश कुमार के दिल्ली जाने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की नेता राबड़ी देवी से पत्रकारों ने मुख्यमंत्री की एक टिप्पणी को लेकर सवाल पूछा था, जिसके जवाब में उन्होंने यह कहा।

उल्लेखनीय है कि नीतीश, पूर्व मुख्यमंत्री (राबड़ी) के पति लालू प्रसाद के चिर प्रतिद्वंद्वी हैं। दरअसल, नीतीश कुमार की टिप्पणी से अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह उपराष्ट्रपति बनाए जा सकते हैं। कुमार की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर राबड़ी देवी ने कहा, ‘‘जाना ही चाहिए। सभी लोग चाहेंगे कि चले जाएं।'' कुमार ने कहा कि वह राज्य विधानमंडल में दोनों सदनों और लोकसभा के सदस्य रहे हैं और राज्यसभा में एक कार्यकाल से उनका राजनीतिक सफर पूरा हो जाएगा। नीतीश ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान यह टिप्पणी की।

अगले कुछ महीनों में (उपराष्ट्रपति के तौर पर) वेंकैया नायडू का कार्यकाल खत्म होने के बाद उपराष्ट्रपति पद के लिए नीतीश के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पसंद बनकर उभरने के बारे में सवाल पूछे जाने पर राबड़ी ने कहा ‘‘अच्छा ही न रहेगा।'' मीडिया का एक वर्ग में ऐसी खबरें आई हैं कि नीतीश कुमार एक शीर्ष संवैधानिक पद के लिए दिल्ली जा सकते हैं। खबरों में यह भी दावा किया गया है कि वह राज्य में एक नए ‘‘सत्ता हस्तांतरण'' के फार्मूले के लिए सहमत हो सकते हैं, जहां भाजपा को अपना मुख्यमंत्री बनाने की अनुमति दी जा सकती है। भारतीय जनता पार्टी ने 2020 के विधानसभा चुनावों में नीतीश की पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) से अधिक सीटों पर जीत दर्ज की थी। बहरहाल, सबकी नजरें नीतीश के अगले कदम पर है जिन्होंने 2020 में एक चुनावी रैली में विधानसभा चुनाव को अपना ‘आखिरी चुनाव' बताया था।

Content Writer

Ramanjot