बक्सर में SP के एक्शन से पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, SI, ASI समेत 100 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज; वेतन पर लगी रोक
Saturday, Jun 14, 2025-09:44 AM (IST)

बक्सर (संजय उपाध्याय): बक्सर में पुलिस प्रशासन में अनुशासनहीनता और लापरवाही पर सख्त एक्शन लिया गया है। बक्सर पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने जिले के औद्योगिक थाना प्रभारी समेत करीब 100 पुलिसकर्मियों का वेतन रोकने का आदेश जारी किया है। यह फैसला उन पुलिसकर्मियों के खिलाफ लिया गया है, जिन्होंने जनवरी 2025 से मार्च 2025 के बीच दर्ज मामलों में समय पर आरोप पत्र दाखिल नहीं किए और न ही अंतिम रिपोर्ट प्रस्तुत की।
शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, इन पुलिस पदाधिकारियों की लापरवाही के कारण पीड़ितों को न्याय मिलने में देरी हो रही थी, जिससे आम लोगों में पुलिस व्यवस्था को लेकर असंतोष बढ़ रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए एसपी शुभम आर्य ने यह सख्त कदम उठाया है। इस पूरे मामले को लेकर एसपी शुभम आर्य ने साफ तौर पर कहा कि हम लोगों ने समीक्षा की है। उसमें जनवरी से मार्च तक जिन अनुसंधान कर्ताओं ने जो कांड को निष्पादन निष्पादित करते हुए आरोप पत्र समय से समर्पित नहीं किया था। सभी का वेतन हम लोगों ने बंद किया है। उन लोगों को चेतावनी भी दी गई है कि अगर उनके द्वारा कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की जाएगी तो उन पर भी विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई की जद में औद्योगिक थाना प्रभारी के अलावा कई थानाध्यक्ष, इंस्पेक्टर, एसआई, एएसआई और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। कुल संख्या 100 के आसपास बताई जा रही है, जो आगे की जांच के बाद बढ़ भी सकती है। बहरहाल बक्सर पुलिस अधीक्षक की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।